बरांडा नगर पालिका सचिव मोहित सैनी ने जनता से सफाई व्यवस्था में सहयोग की अपील की है। सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा फेंकने वालों की पहचान कर उन पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
अनिल शर्मा, अंबाला। नगर पालिका सचिव मोहित सैनी ने शहरवासियों, वार्ड निवासियों और दुकानदारों से शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के अभियान में सक्रिय सहयोग देने की अपील की है। उन्होंने कहा कि नगर परिषद प्रशासन शहर की साफ-सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए पूरी तरह प्रयासरत है, लेकिन इस लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए आम जनता की भागीदारी अत्यंत आवश्यक है। मोहित सैनी ने कहा कि शहर को तब ही साफ और स्वच्छ बनाया जा सकता है जब नागरिक अपनी जिम्मेदारी समझते हुए स्वच्छता के नियमों का पालन करें। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे घरों व दुकानों का कूड़ा केवल नगर परिषद की कूड़ा संग्रहण गाड़ियों में ही डालें और सड़कों, डिवाइडरों या अन्य सार्वजनिक स्थलों पर कचरा फेंकने से पूरी तरह परहेज करें।
कचरा फैलाने वालों की होगी पहचान
नगर पालिका सचिव मोहित सैनी ने बताया कि उन्हें लगातार ऐसी शिकायतें मिल रही हैं कि सफाई कर्मचारियों द्वारा क्षेत्र की सफाई करने के कुछ ही समय बाद कुछ लोग दोबारा सड़कों, डिवाइडरों और सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा फेंक देते हैं। इससे शहर की सुंदरता बुरी तरह प्रभावित होती है और अनावश्यक गंदगी फैलती है। नगर पालिका सचिव ने कड़ी चेतावनी देते हुए कहा है कि अब ऐसे लोगों की पहचान की जाएगी और सार्वजनिक स्थलों पर कूड़ा फेंकने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। प्रशासन अब इस विषय पर काफी गंभीर है और किसी भी सूरत में शहर की स्वच्छता व्यवस्था से समझौता नहीं किया जाएगा, इसलिए सभी नागरिकों को सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता बनाए रखने के लिए विशेष सावधानी बरतनी होगी।
सफाई समस्या पर तुरंत करें सूचित
मोहित सैनी ने आगे कहा कि यदि किसी क्षेत्र में साफ-सफाई को लेकर कोई समस्या या दिक्कत आती है, तो नागरिक तुरंत नगर पालिका प्रशासन को सूचित करें। शिकायतों के प्राप्त होते ही प्राथमिकता के आधार पर उनका समाधान सुनिश्चित करवाया जाएगा। उन्होंने शहरवासियों से आह्वान किया है कि वे एक स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ शहर के निर्माण में नगर परिषद का पूरा सहयोग करें और सफाई व्यवस्था को सफल बनाने में अपनी नागरिक जिम्मेदारी का निर्वहन करें। प्रशासन का मुख्य उद्देश्य आम लोगों के सहयोग से शहर को गंदगी मुक्त बनाना है। अतः सभी का यह कर्तव्य है कि वे नियमों का पालन करें ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की दंडात्मक कार्रवाई से बचा जा सके और शहर के वातावरण को स्वच्छ रखा जा सके।

