हिसार। हरियाणा के उन्नीस शहरों में आज नीट री-एग्जाम का आयोजन किया जा रहा है। दोपहर दो बजे शुरू होने वाले इस पेपर को लेकर सरकार और जिला प्रशासन ने नकल रोकने के लिए बेहद कड़े इंतजाम किए हैं। परीक्षा केंद्रों पर सुबह दस बजे से ही छात्र-छात्राओं की भीड़ जुटने लगी थी। सेंटर के मुख्य गेट पर सुरक्षाकर्मियों द्वारा उम्मीदवारों की इतनी बारीकी से जांच की जा रही है कि कई जगहों पर अजीबो-गरीब स्थिति बन गई। नियमों की इसी सख्ती के चलते रेवाड़ी के बाल स्कूल केंद्र पर धारूहेड़ा से पेपर देने पहुंची एक छात्रा को एंट्री नहीं मिल सकी। चेकिंग के दौरान छात्रा की नोज पिन यानी नाक की लौंग लाख कोशिशों के बाद भी नहीं निकल पाई। छात्रा का कहना था कि ज्यादा जबरदस्ती करने पर नाक से खून आ जाता, जिसके बाद सुरक्षाकर्मियों ने नियमों का हवाला देकर उसे परीक्षा केंद्र से वापस लौटा दिया।
सिरसा में खुलवाई चप्पल तो गुरुग्राम में काटा कलावा
चेकिंग के दौरान ऐसी ही सख्ती राज्य के दूसरे जिलों में भी देखने को मिली। सिरसा के परीक्षा केंद्र पर चेकिंग के दौरान एक महिला अभ्यर्थी की चप्पलें तक बाहर निकलवा दी गईं। सोनीपत में भी सुरक्षाकर्मियों ने युवतियों के बालों में लगे हेयर बैंड उतरवा लिए और उन्हें खुले बालों में ही एग्जाम रूम के अंदर जाने की इजाजत दी। हद तो तब हो गई जब गुरुग्राम के एक सेंटर पर एक छात्रा के हाथ में बंधा हुआ पूजा का पवित्र कलावा भी कैंची से काट दिया गया। आपको बता दें कि इस बार हरियाणा के कुल 175 परीक्षा केंद्रों पर 65 हजार से ज्यादा अभ्यर्थी परीक्षा दे रहे हैं। छात्रों को रास्ता भटकने से बचाने के लिए रोडवेज बस स्टैंडों पर हेल्प डेस्क (Help Desk) बनाए गए हैं, जहां से उन्हें लोकल सिटी बस और ऑटो के रूट की जानकारी दी जा रही है।
कोचिंग और फोटो स्टेट की दुकानें बंद
परीक्षा को पूरी तरह लीक प्रूफ और सुरक्षित बनाने के लिए अर्धसैनिक बल यानी सीआरपीएफ (CRPF) के जवानों की कड़ी निगरानी में प्रश्नपत्रों को केंद्रों तक पहुंचाया गया है। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर आज सभी जिलों में कोचिंग सेंटर और फोटो स्टेट की दुकानों को पूरी तरह बंद रखने का आदेश दिया है। इसके साथ ही परीक्षा केंद्रों के आस-पास किसी भी तरह के ड्रोन उड़ाने पर धारा 144 के तहत पूरी पाबंदी लगा दी गई है। पेपर लीक की किसी भी गुंजाइश को खत्म करने के लिए प्रश्नपत्र ले जाने वाली गाड़ियों में जीपीएस ट्रैकिंग (GPS Tracking) सिस्टम लगाया गया है।

