बहादुरगढ़: हरियाणा के झज्जर जिले के बहादुरगढ़ में सरकारी जमीन पर बने मकानों को हटाने पहुंची नगर परिषद की टीम को स्थानीय निवासियों के कड़े और तीखे विरोध का सामना करना पड़ा। प्रशासन जब पूरी तैयारी के साथ अवैध निर्माणों पर बुलडोजर चलाने पहुंचा, तो वहां रह रहे परिवारों के सब्र का बांध टूट गया। जैसे ही पीले पंजे ने एक के बाद एक मकानों को गिराना शुरू किया, वैसे ही कार्रवाई के विरोध में महिलाएं, बुजुर्ग और मासूम बच्चे बुलडोजर के आगे आकर खड़े हो गए।

मशीन पर फेंकी ईंटें, पुलिस को करना पड़ा बीच-बचाव

बुलडोजर कार्रवाई से गुस्साए कई लोगों ने मशीन के सामने ईंटें फेंककर अपना विरोध जताया। इस दौरान मौके पर भारी हंगामा और अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। हालात बिगड़ते देख मौके पर मौजूद पुलिस बल को तुरंत मोर्चा संभालना पड़ा। कुछ उग्र प्रदर्शनकारी महिलाओं को हटाने के लिए महिला पुलिसकर्मियों ने उनके हाथ पकड़कर उन्हें मशीन के आगे से हटाया और किनारे किया। मौके पर काफी देर तक तनाव का माहौल बना रहा।

90 साल पुराना आशियाना उजाड़ने का आरोप

अपने पक्के मकानों को टूटता देख स्थानीय लोग बेहद भावुक और गुस्से में नजर आए। कॉलोनी के एक बुजुर्ग ने रोते हुए कहा कि हमारा परिवार पिछले 90 साल से इस आशियाने में रह रहा है, लेकिन आज प्रशासन हमें बेघर करने आ गया। उन्होंने अधिकारियों को चुनौती देते हुए कहा कि अगर यह जमीन हमारी नहीं है, तो जिसके नाम भी इस जमीन के असली कागज हैं, वह हमें दिखा दिए जाएं, हम खुद अपने मकान छोड़कर चले जाएंगे। प्रदर्शन कर रही महिलाओं का आरोप था कि प्रशासन ने उनके रहने की कोई वैकल्पिक व्यवस्था किए बिना ही अचानक उनके सिर से छत छीन ली।

प्रशासन को पीछे हटना पड़ा, दोबारा होगी कार्रवाई

लोगों के बढ़ते गुस्से और तनावपूर्ण हालातों को देखते हुए नगर परिषद की टीम को अपनी कार्रवाई बीच में ही रोकनी पड़ी और टीम बैरंग लौट गई। कॉलोनी के लोगों ने साफ चेतावनी दी है कि जब तक उनके पुनर्वास की कोई पक्की व्यवस्था नहीं होती, तब तक वे अपने घरों पर बुलडोजर नहीं चलने देंगे। दूसरी तरफ, नगर परिषद के अधिकारियों ने भी साफ कर दिया है कि भले ही आज विरोध के कारण तोड़फोड़ रोक दी गई हो, लेकिन सरकारी जमीन से अवैध कब्जा हटाने का यह अभियान रुकने वाला नहीं है। अधिकारियों के मुताबिक, आने वाले दिनों में अतिरिक्त महिला पुलिस बल और पुख्ता सुरक्षा के साथ बाकी बचे अवैध निर्माणों को भी ध्वस्त किया जाएगा।