अनुज कुमार पांडेय,​ गोपालगंज। जिले से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। जहां उचकागांव थाना क्षेत्र के छोटका सांखे गांव में मंगलवार को एक निजी स्कूल की तेज रफ्तार बस ने एक मासूम छात्र को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना के बाद से पूरे इलाके में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है और मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

​बहन के साथ घर लौट रहा था मासूम

​मिली जानकारी के अनुसार, छोटका सांखे गांव के रहने वाले मोहम्मद वैस का तीन वर्षीय पुत्र अदनान हुसैन गांव के मोड़ पर स्थित एक निजी विद्यालय में पढ़ता था। मंगलवार को स्कूल की छुट्टी होने के बाद वह अपनी बड़ी बहन के साथ साइकिल पर बैठकर वापस अपने घर लौट रहा था। साइकिल उसकी बड़ी बहन चला रही थी और अदनान पीछे बैठा हुआ था।, जैसे ही दोनों भाई-बहन सांखे रामदास उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के समीप पहुंचे, तभी उनके ही विद्यालय की एक तेज और अनियंत्रित स्कूल बस ने उनकी साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भयानक थी कि अदनान साइकिल से सीधे सड़क पर गिर गया और बस के पिछले पहिए की चपेट में आ गया। पहिए के नीचे आने से मासूम अदनान की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे में उसकी बड़ी बहन बाल-बाल बच गई, लेकिन भाई को अपनी आँखों के सामने दम तोड़ते देख वह गहरे सदमे में है।

​बस लेकर फरार हुआ चालक, घर में पसरा मातम

​घटना को अंजाम देने के बाद चालक मौके का फायदा उठाकर बस सहित वहां से फरार हो गया। हादसे की खबर मिलते ही मृतक छात्र के घर में कोहराम मच गया। तीन भाइयों में सबसे छोटे अदनान की मौत से उसकी माँ नाज़नीन परवीन, भाई तारिक और अब्दुल्ला का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के लोग पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाने में जुटे हैं। बताया जा रहा है कि अदनान के पिता मोहम्मद वैस वर्तमान में रोजी-रोटी के सिलसिले में सऊदी अरब में रहते हैं। उन्हें फोन पर इस मनहूस खबर की जानकारी दे दी गई है, जिसके बाद से वह भी गहरे सदमे में हैं।

​पुलिस ने बस को किया जब्त, जांच जारी

​घटना की सूचना मिलते ही उचकागांव थाने की पुलिस तुरंत हरकत में आई। थाने के दरोगा टिंकू कुमार, जमदार आशिक रसूल खान और अछैवर राम ने पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। ​मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की और छापेमारी कर दुर्घटना में शामिल स्कूल बस को जब्त कर लिया है।

हालांकि, समाचार लिखे जाने तक इस मामले में परिजनों की तरफ से थाने में कोई लिखित प्राथमिकी दर्ज नहीं कराई गई थी। पुलिस प्रशासन का कहना है कि वे पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं और उसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस फरार चालक की तलाश में भी जुटी हुई है।

ये भी पढ़ें- गोपालगंज: दिल्ली से गिरफ्तार आरोपी पुलिस की चलती गाड़ी से कूदकर भागा, मचा हड़कंप