अनुज कुमार पांडेय, गोपालगंज। जिले में पुलिस अभिरक्षा से एक शातिर आरोपी के फरार होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। दरअसल आज मंगलवार (30, जून) को न्यायालय में पेशी के बाद चनावे मंडल कारा (जेल) ले जाने के दौरान आरोपी पुलिस वाहन से कूदकर रफूचक्कर हो गया। इस दुस्साहसिक घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। फिलहाल, कई थानों की पुलिस और विशेष टीमें उसकी तलाश में खाक छान रही हैं।
चलती गाड़ी से कूदकर पुलिस को दिया चकमा
मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार को नगर थाना पुलिस एक आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद सरकारी गाड़ी से चनावे मंडल कारा लेकर जा रही थी। पुलिस का वाहन जैसे ही गोपालगंज-मीरगंज एनएच-531 पर स्थित ‘वृंदावन सदासी राय टोला’ गांव के समीप पहुंचा, तभी आरोपी ने सुरक्षाकर्मियों को चकमा दिया और चलती गाड़ी से छलांग लगा दी। जब तक पुलिसकर्मी संभलते और उसके पीछे दौड़ते, आरोपी उनकी नजरों के सामने से ओझल हो चुका था।
दिल्ली से गिरफ्तार हुआ था आरोपी
फरार कैदी की पहचान बरौली थाना क्षेत्र के देवापुर गांव निवासी राहुल कुमार सिंह (पिता- जितेंद्र सिंह) के रूप में की गई है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, राहुल पर एक युवती के अपहरण का गंभीर आरोप है। गोपालगंज पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान के जरिए उसे बीते दिनों दिल्ली से युवती के साथ बरामद किया था। कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद मंगलवार को उसे न्यायिक हिरासत में भेजने के लिए अदालत में पेश किया गया था, जहां से जेल ले जाते वक्त उसने इस वारदात को अंजाम दिया।
चंवर और ग्रामीण इलाकों में सघन सर्च ऑपरेशन
सुरक्षा घेरे से आरोपी के भागने की खबर वायरलेस पर फ्लैश होते ही जिला पुलिस महकमे में खलबली मच गई। आनन-फानन में नगर थाना समेत आसपास के कई थानों की पुलिस और भारी संख्या में जवान मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने स्थानीय चवर और उससे सटे ग्रामीण इलाकों की चारों तरफ से घेराबंदी कर दी है।पुलिस की कई टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं। संदिग्ध रास्तों पर बैरिकेडिंग कर वाहनों की जांच की जा रही है और स्थानीय ग्रामीणों से भी पूछताछ कर इनपुट जुटाए जा रहे हैं।
जांच में जुटे अधिकारी, जल्द गिरफ्तारी का दावा
मामले के अनुसंधानकर्ता (आईओ) यशवंत सिंह ने बताया कि घटना बेहद गंभीर है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए चौतरफा अभियान चलाया जा रहा है। हालांकि, समाचार लिखे जाने तक फरार आरोपी राहुल कुमार का कोई सुराग हाथ नहीं लग सका था। पुलिस अधिकारी इस बात की भी गहन जांच कर रहे हैं कि सुरक्षा में इतनी बड़ी चूक कैसे हुई और क्या इसमें किसी स्तर पर लापरवाही बरती गई थी। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी को दोबारा सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा।
ये भी पढ़ें- एनडीए सरकार पर तेजस्वी का बड़ा हमला, आम आदमी का जीना किया मुहाल

