Bihar Crime: राजधानी पटना से मानवता को शर्मसार कर देने वाली एक खबर सामने आई है, जहां एक होटल में ठहरे पिता के सामने उसकी बेटी के साथ छेड़छाड़ की घटना को अंजाम दिया गया है। यह घटना होटल संचालन और कानून व्यवस्था दोनों पर ही गंभीर सवाल खड़ा करती है। पूरा मामला रूपसपुर थाना क्षेत्र के महावीर कॉलोनी स्थित एक होटल का है।

पिता संग परीक्षा देने आई थी पीड़िता

हालांकि घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने तुरंत एक्शन लेते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, होटल को भी प्रशासन ने सील कर दिया है। दरअसल बेगूसराय की रहने वाली पीड़िता अपने पिता के साथ पॉलिटेक्निक की परीक्षा देने के लिए पटना आई हुई थी। इस दौरान दोनों पिता-बेटी महावीर कॉलोनी में स्थित एक होटल में ठहरे हुए थे। आरोप है कि इस बीच देर रात एक युवक नशे की हालत में जबरन कमरे में घुस गया और पिता के सामने उनकी बेटी के साथ छेड़खानी करने लगा।

पुलिस ने मुख्य आरोपी को किया गिरफ्तार

पीड़िता और छात्रा के पिता के शोर मचाने और सूचना देने के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने तुरंत एक्शन लेते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान सत्येंद्र के रूप में हुई है। घटना के समय मुख्य आरोपी शराब के नशे था और उसके साथ कुछ और भी युवक मौजूद थे, जिनकी पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस पूछताछ में जुटी हुई है।

होटल प्रबंधन की भूमिका संदिग्ध

घटना को लेकर होटल प्रबंधन की भूमिका को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। दरअसल जिस समय यह घटना हुआ उस समय होटल का सीसीटीवी कैमरा बंद था, जिस वजह से यह पूरी वारदात रिकॉर्ड नहीं हो सकी। इसे लेकर होटल प्रबंधन पर भी संदेह जताया जा रहा है। जांच में यह भी पता चला है कि पहले भी कई बार होटल संचालन को लेकर लापरवाही सामने आ चुकी है। फिलहाल इन सभी बिंदुओं को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने होटल को सील कर दिया है।

छानबीन में जुटी पुलिस

पश्चिमी एसपी भानु प्रताप सिंह ने घटना को बेहद ही गंभीर बताते हुए कहा कि, पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि, होटल मालिक और प्रबंधन से पूछताछ की जाएगी कि सुरक्षा व्यवस्था में इतनी बड़ी लापरवाही क्यों बरती गई? होटल के सीसीटीवी कैमरे बंद क्यों थे और बिना पर्याप्त निगरानी के लोगों को ठहराने की अनुमति कैसे दी गई? पीड़िता की शिकायत पर रूपसपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।

पश्चिमी एसपी भानु प्रताप सिंह ने बताया कि आरोपी युवक सत्येंद्र को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, घटना के समय उसके साथ मौजूद अन्य युवकों की भी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।


ये भी पढ़ें- श्राद्ध कार्यक्रम के बाद मछली-भात नहीं खिलाया तो पूरे परिवार के साथ की मारपीट, पति-पत्नि समेत 6 घायल