Student of the Year-After Dark: मुंबई। करण जौहर ने ‘स्टूडेंट ऑफ द ईयर’ फ्रेंचाइजी के 14 साल पूरे होने पर फैंस को एक नया सरप्राइज दिया है। उन्होंने ‘स्टूडेंट ऑफ द ईयर: आफ्टर डार्क’ नाम की वेब सीरीज का ऐलान किया है। इस बार कॉलेज की चमक-दमक, रोमांस और दोस्ती की जगह रहस्य, हिंसा और खौफ देखने को मिलेगा। सीरीज में शनाया कपूर मुख्य भूमिका में नजर आएंगी और इसके जरिए वह अपना डिजिटल डेब्यू करने जा रही हैं।
खून से सने लुक में दिखीं शनाया कपूर
सीरीज का पहला लुक सामने आते ही इसकी कहानी को लेकर उत्सुकता बढ़ गई है। तस्वीर में शनाया कपूर खून से सनी हालत में दिखाई दे रही हैं। उनका यह अंदाज ‘स्टूडेंट ऑफ द ईयर’ की पिछली फिल्मों से बिल्कुल अलग है।
करण जौहर ने सोशल मीडिया पर सीरीज की घोषणा करते हुए बताया कि फ्रेंचाइजी अब एक नए और ज्यादा डार्क रूप में दर्शकों के सामने आएगी। उनके मुताबिक, इस बार कहानी बेबाक, हिंसक और चौंकाने वाले घटनाक्रम से भरी होगी।
डबल रोल में नजर आएंगी शनाया
‘स्टूडेंट ऑफ द ईयर: आफ्टर डार्क’ में शनाया कपूर दोहरी भूमिका निभाती दिखाई देंगी। सीरीज का निर्देशन रीमा माया ने किया है, जबकि इसका निर्माण धर्माटिक एंटरटेनमेंट ने किया है। कहानी में सेंट टेरेसा के जाने-पहचाने माहौल को एक थ्रिलर प्रतियोगिता के रूप में दिखाया जाएगा।
इस बार कॉलेज की दुनिया सिर्फ प्यार और मुकाबले तक सीमित नहीं रहेगी। कहानी में रहस्य और हिंसा के साथ ऐसे मोड़ देखने को मिलेंगे, जो फ्रेंचाइजी के पुराने अंदाज से अलग हैं। शनाया के साथ दिविक शर्मा और मान्या ग्रोवर भी सीरीज में नजर आएंगे।
14 साल पहले शुरू हुई थी फ्रेंचाइजी
‘स्टूडेंट ऑफ द ईयर’ साल 2012 में रिलीज हुई थी। करण जौहर के निर्देशन में बनी इस फिल्म से आलिया भट्ट, वरुण धवन और सिद्धार्थ मल्होत्रा ने अपने अभिनय करियर की शुरुआत की थी। कॉलेज लाइफ, फैशन, गानों और रोमांस की वजह से फिल्म युवाओं के बीच काफी लोकप्रिय हुई थी।
इसके बाद 2019 में ‘स्टूडेंट ऑफ द ईयर 2’ रिलीज हुई, जिसमें टाइगर श्रॉफ, अनन्या पांडे और तारा सुतारिया नजर आए थे। अब ‘आफ्टर डार्क’ के जरिए मेकर्स इसी दुनिया को एक नए अंदाज में पेश करने जा रहे हैं।
कब और कहां रिलीज होगी सीरीज?
‘स्टूडेंट ऑफ द ईयर: आफ्टर डार्क’ 13 नवंबर को जियो हॉटस्टार पर स्ट्रीम होगी। सीरीज के पहले लुक के बाद अब दर्शकों को इसके ट्रेलर और कहानी से जुड़ी अगली झलक का इंतजार है।
Varun Dhawan: वरुण धवन ने घर पर किया कंजक पूजन, बच्चियों संग शेयर कीं तस्वीरें, नवरात्रि की दी बधाई
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

