पानीपत। शहर में बीती रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. अपने दोस्त की जन्मदिन पार्टी से घर लौट रहे एक 22 साल के छात्र की जान चली गई. हादसा बाबरपुर मंडी के पास हुआ. जहां तेज रफ्तार कार बेकाबू होकर सड़क किनारे एक गहरे नाले में जा पलटी.
कार में फंसा रहा छात्र
मृतक छात्र की पहचान कोमल के रूप में हुई है. वह बीए की पढ़ाई कर रहा था. परिजनों ने बताया कि कोमल देर रात अपने दोस्त की पार्टी में जाने के लिए निकला था. पार्टी खत्म होने के बाद वह अपने एक दूसरे दोस्त दीपक के साथ कार में वापस लौट रहा था. रास्ते में अचानक गाड़ी का संतुलन बिगड़ गया और कार नाले में गिर गई. गाड़ी में सवार दोस्त दीपक किसी तरह बाहर निकलने में कामयाब रहा. लेकिन कोमल अंदर ही फंसा रह गया.
परिजनों ने उठाए गंभीर सवाल
जब पुलिस और लोगों की मदद से गाड़ी को नाले से बाहर निकाला गया तो कोमल चालक की सीट पर बेसुध मिला. डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. इस घटना के बाद परिजनों ने हत्या और साज़िश का अंदेशा जताया है. परिजनों का कहना है कि कोमल को गाड़ी चलाना बिल्कुल नहीं आता था. ऐसे में वह चालक की सीट पर कैसे बैठा मिला. परिजनों का आरोप है कि यह सिर्फ एक दुर्घटना नहीं है बल्कि इसके पीछे कोई बड़ी वजह है.
पुलिस कर रही है मामले
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी. पुलिस ने गाड़ी और छात्र के शव को नाले से बाहर निकाला. शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेज दिया गया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वे हर पहलू से मामले की जांच कर रहे हैं. दुर्घटनाग्रस्त गाड़ी में मौजूद उसके साथी दीपक से भी पूछताछ की जा रही है. पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो पाएगी.
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


