सोनीपत। हरियाणा की पहली स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी में देर रात एक छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। राई स्थित स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी ऑफ हरियाणा के स्विमिंग पूल में छात्र का शव तैरता हुआ मिलने के बाद परिसर में हड़कंप मच गया।

मृतक छात्र की पहचान दिल्ली के गौतम नगर निवासी निशांत के रूप में हुई है। वह यूनिवर्सिटी में पीजी डिप्लोमा की पढ़ाई कर रहा था। घटना की जानकारी मिलते ही यूनिवर्सिटी प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची।

निशांत को तुरंत सोनीपत सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।

जानकारी के अनुसार निशांत हरियाणा के राज्य खेल मंत्री गौरव गौतम के रिश्तेदार बताए जा रहे हैं। घटना की सूचना के बाद परिवार में शोक का माहौल है।

फिलहाल सोनीपत पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और यूनिवर्सिटी परिसर में मौजूद लोगों से पूछताछ की जा रही है।