Patna Student Protest: बिहार में TRE-4 शिक्षक भर्ती समेत विभिन्न मांगों को लेकर विभिन्न संगठन के छात्र आज मंगलवार को सीएम आवासा का घेराव करने वाले हैं। छात्रों का संगठन गांधी मैदान से पैदल मार्च करते हुए सीएम आवास के लिए निकला। छात्रों के इस प्रदर्शन को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन की ओर से सुरक्षा की कड़ी तैयारी की गई है।

आगे बढ़ने के क्रम में छात्रों ने जेपी गोलंबर और मौर्य होटल के पास लगे पुलिस बैरिकेडिंग को तोड़ दिया और डाकबंगला की ओर आगे बढ़ रहे हैं। इस दौरान पुलिस ने कुछ छात्रों को हिरासत में भी लेने का प्रयास किया, लेकिन साथ में मौजूद अन्य छात्रों ने उन्हें पुलिस से छुड़ा लिया और आंदोलन में शामिल हो गए।

विभिन्न मांगों वाले पोस्टर लेकर उतरे छात्र

प्रदर्शन में बड़ी संख्या में शामिल छात्र-छात्राएं अपने हाथों में तिरंगा और विभिन्न मांगों वाले पोस्टर को लेकर सड़क पर उतरे हैं। प्रदर्शन में शामिल छात्रों ने बीपीएससी भर्ती में संविदा कर्मियों को दिए जाने वाले अतिरिक्त वेटेज को पूरी तरह समाप्त करने की भी मांग की है। पोस्टरों में भर्ती प्रक्रिया पारदर्शी और समान अवसर के आधार पर कराने की मांग की गई है। इसके साथ ही छात्रों ने बीपीएसएससी के अध्यक्ष के.एस. द्विवेदी की संपत्ति की निष्पक्ष जांच कराने की मांग उठाई है।

शिक्षा मंत्री बोले- सभी मुद्दों को समाधान कर दिया गया

छात्रों के विरोध-प्रदर्शन पर बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी का भी बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि, जिन-जिन मुद्दों को लेकर छात्र धरने पर बैठे थे, उनके सभी मुद्दों का समाधान कर दिया गया है। सरकार की नियति ही है कि हम अपने युवाओं की समस्याओं का समय पर निदान करें। युवा जो-जो विषय लेकर आए, हम लोगों ने उसका समाधान किया।

इस दौरान उन्होंने तेजस्वी यादव पर भी तंज कसा। उन्होंने कहा कि, मुझे यह सुनकर हैरानी हुई कि जिस इंसान ने 10वीं की बोर्ड की परीक्षा तक नहीं दी, वो परीक्षा पर सुझाव दे रहे हैं। इसी वजह से में तेजस्वी जी को फिर कहूंगा कि एक बार हमारे बिहार सरकार के स्कूल में दाखिला लीजिए, 10वीं पास कीजिए और फिर आकर हमें परीक्षा पर सुझाव दीजिए। हमें आपका सुझाव बहुत अच्छा लगेगा।

ये भी पढ़ें- ‘छात्रों की हर बात सुनी जाएगी’, पटना में छात्र आंदोलन के बीच CM सम्राट का बड़ा बयान