दीपक भारद्वाज ,पलवल। होडल उपमंडल स्थित श्री त्यागी पब्लिक विद्यालय ने इस वर्ष बोर्ड परीक्षा परिणामों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई है। विद्यालय की कॉमर्स संकाय की छात्रा राधिका ने 97.2 प्रतिशत अंक प्राप्त कर उपमंडल में प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि विज्ञान संकाय की छात्रा वंदना ने 94.6 प्रतिशत अंक लेकर शानदार सफलता दर्ज की।
विद्यालय के कुल 25 विद्यार्थियों ने मेरिट सूची में स्थान प्राप्त किया है। इसके अलावा अधिकांश विद्यार्थियों ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल कर विद्यालय के शैक्षणिक स्तर को और मजबूत किया है। इस उपलब्धि से पूरे विद्यालय परिसर में खुशी का माहौल रहा।
विद्यालय प्रबंधन समिति के चेयरमैन उदय सिंह सोरौत, डायरेक्टर निखिल बंसल, सतीश बाबूजी एवं भूषण सोरौत ने सभी सफल विद्यार्थियों को सम्मानित किया। उन्होंने विद्यार्थियों को फूल-मालाएँ पहनाकर एवं मिठाई खिलाकर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं।
इस अवसर पर समिति ने मेधावी छात्रा राधिका को आगे की शिक्षा के लिए आर्थिक सहायता देने की घोषणा की तथा उसके माता-पिता को भी सम्मानित किया।
मेरिट सूची में स्थान पाने वाले अन्य विद्यार्थियों—ट्विंकल, बीना, संजना, लवेश, कुणाल, हिमांशी, खुशी, नेहा, भविष्य, आशीष, रितु, देवेंद्र, वैभव, विवेक, पूजा, सिमरन, मयंक आदि—को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
विद्यालय की ओर से इस उपलब्धि के लिए अध्यापकों को 5100 रुपये देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर विद्यालय के प्राचार्य संतोष कुमार सिंह ने इस सफलता का श्रेय शिक्षकों की मेहनत, विद्यार्थियों की लगन और अभिभावकों के सहयोग को दिया। उन्होंने कहा कि इस उत्कृष्ट परिणाम ने विद्यालय को होडल क्षेत्र में नई पहचान दिलाई है।

