राकेश कथूरिया, कैथल। राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और देशभक्ति की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से जिले में हर घर तिरंगा अभियान चलाया जा रहा है। डीसी अपराजिता के मार्गदर्शन में सोमवार को शिक्षा विभाग की ओर से साइकिल रैली निकाली गई। इसमें अध्यापकों और विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। विद्यार्थियों ने लोगों को अभियान से जुड़ने और हर घर तिरंगा फहराने का संदेश दिया।
जिला शिक्षा अधिकारी ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
साइकिल रैली को जिला शिक्षा अधिकारी प्रमोद राणा ने कमेटी चौक स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में बड़ी संख्या में विद्यार्थी और शिक्षक शामिल हुए। रैली पिहोवा चौक, विश्वकर्मा चौक, चीका बाईपास और सीवन गेट से होते हुए वापस विद्यालय परिसर पहुंची। रास्ते में विद्यार्थियों ने देशभक्ति के नारे लगाए और लोगों में राष्ट्रप्रेम की भावना जागृत करने का संदेश दिया।
हर घर तिरंगा सम्मान और जिम्मेदारी का संदेश
जिला शिक्षा अधिकारी प्रमोद राणा ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान केवल घरों पर तिरंगा लगाने तक सीमित नहीं है। यह देश के प्रति सम्मान, एकता और जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों में देशभक्ति की भावना मजबूत करने के लिए इस तरह के आयोजन महत्वपूर्ण हैं।
स्वतंत्रता दिवस पर हर घर तिरंगा फहराने की अपील
प्रमोद राणा ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस सभी के लिए गर्व और गौरव का अवसर है। हर घर तिरंगा अभियान के माध्यम से प्रत्येक नागरिक अपने घर पर तिरंगा फहराकर राष्ट्र के प्रति सम्मान प्रकट कर सकता है। उन्होंने जिले के विद्यार्थियों, शिक्षकों और आमजन से अभियान में उत्साहपूर्वक भाग लेने का आह्वान किया। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक, विद्यार्थी तथा शिक्षा विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


