राजनांदगांव। अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम की आज दुर्दशा ऐसी है कि टर्फ में जमी काली मिट्टी को हटाने खिलाड़ी खुद बाल्टी से पानी डालने को मजबूर हैं। दरअसल, टर्फ में पानी डालने के लिए लगाए गए स्प्रिंकलर मशीन खराब हो गया है, जिसकी वजह से खिलाड़ियों को जद्दोजहद करनी पड़ रही है।
वर्ष 2012-13 में ऑस्ट्रेलिया कंपनी ने टर्फ बिछाया था। इसके साथ ही टर्फ के चारों ओर स्पिंकलर लगाया गया था, ताकि टर्फ में पानी डालकर इसे सुरक्षित रखा जाए। लेकिन आज ये मशीन खराब हो चुकी है। जानकारी के अनुसार, करीब 21 करोड़ रुपए खर्च कर एस्ट्रोटर्फ और स्प्रिंकलर मशीन सहित स्वीमिंग पुल बनाया गया था।

वर्तमान में एस्ट्रोटर्फ में काली मिट्टी जमी हुई हैं, जिसमें खेलने समय खिलाड़ी फिसल रहे हैं। बचने वर्तमान में खिलाड़ी खुद ही बाल्टी से पानी लाकर साफ करने की जुगत करते नजर आ रहे हैं।
टैंकर से पानी लाकर करते हैं सफाई
विगत दिनों दिसंबर माह में अभाविप खेल प्रतिस्पर्धा के लिए विभाग द्वारा दिल्ली से मशीन मंगाकर सफाई कराई थी। इसके लिए नगरनिगम के टैंकर से पानी मंगाकर प्रेशर मशीन से सफाई कराया गया था। लेकिन वर्तमान में हालात जस के जस हो गई है, टर्फ के चारों को काली मिट्टी डामर की तरह जमी हुई है। जिसे हटाने खिलाड़ी रोज प्रयास कर रहे है। पवेलियन और फ्लड व शेड का काम नही हुआ है।
21 करोड़ की लागत से लगा था टर्फ
वर्ष 2013 में पहली बार यहां हाकी मैच खेला गया था, उस दौरान करीब 21 करोड़ की लागत से एस्ट्रोटर्फ सहित अन्न संसाधनों के साथ अंतराष्ट्रीय हाकी मैदान में मैच की शुरूआत की गई थी। वर्तमान में एस्ट्रोटर्फ आउटडेटेड हो गया है, इसमें मिट्टी जमे होने के कारण हाकी खिलाड़ी पिसल रहे हैं, इसलिए यहां नई एस्ट्रोटर्फ लगाने की मांग की जा रही हैं। उल्लेखनीय है कि, 2021- 22 में एस्ट्रोटर्फ, पवेलियन, फ्लड लाइन व शेड लगाने सर्वे कराया गया था। लेकिन अब तक फ्लड लाइन व शेड नही लगाया गया है।
पेवेलियन साइड में लगी कुर्सियां भी टूटी
एस्ट्रोटर्फ के पवेलियन साइड में लगाई कुर्सी भी टुटनी लगी है। रखरखाव नही होने के कारण कुर्सी खराब हो गई है। अब अगर टूर्नामेंट होता है कि नई कुर्सी लगानी पड़ सकती है। वहीं एस्ट्रोटर्फ में जगह जगह काली मिट्टी जम गई है। आसपास लगे कारखानों से काली मिट्टी का जमाव टर्फ में होने लगा हैं। खिलाड़ियों ने बताया कि, कई बार अफसरों से मांग की गई है, लेकिन नया टर्फ लगाने की प्रक्रिया अधर में अटकी हुई हैं।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



