कैथल। हरियाणवी सिंगर सुदेश रोहिला को कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम से धमकी मिलने का मामला सामने आया है। सिंगर के WhatsApp नंबर पर एक धमकी भरा संदेश भेजकर दो लाख रुपये की मांग की गई और रकम देने के लिए दो दिन का समय बताया गया। मैसेज में पैसे नहीं देने पर गोली मारने की धमकी दी गई है।

धमकी मिलने के बाद सुदेश रोहिला ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कैथल के पुलिस अधीक्षक (SP) मनप्रीत सिंह को शिकायत दी है। उन्होंने पुलिस से सुरक्षा मुहैया कराने की मांग की है। पुलिस की ओर से मामले की जांच शुरू कर दी गई है और धमकी भेजने वाले मोबाइल नंबर की लोकेशन समेत अन्य तकनीकी जानकारी जुटाई जा रही है।

WhatsApp पर आया धमकी भरा मैसेज

सुदेश रोहिला के मुताबिक, उनके WhatsApp नंबर पर एक अज्ञात व्यक्ति ने संपर्क किया और खुद को लॉरेंस ग्रुप से जुड़ा बताते हुए रकम की मांग की। संदेश में लिखा गया कि वह दो लाख रुपये चुपचाप दे दें और इसके लिए दो दिन का समय है। इसके बाद धमकी देने वाले ने गोली चलने की बात कही।

मैसेज में आरोपी ने अपना नाम अंकित बताते हुए सिंगर को डराने की कोशिश की। उसने यह भी लिखा कि नंबर ब्लॉक करने से पहले सोच लेना और पुलिस या किसी अन्य व्यक्ति के पास जाने की बात भी कही। लगातार धमकी भरे संदेश मिलने के बाद सुदेश ने पुलिस को शिकायत देकर पूरे मामले की जानकारी दी।

पुलिस खंगाल रही मोबाइल नंबर की जानकारी

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच की जा रही है। धमकी जिस मोबाइल नंबर से भेजी गई, उसकी लोकेशन और तकनीकी विवरण खंगाले जा रहे हैं। फिलहाल पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि धमकी देने वाला व्यक्ति वास्तव में किसी आपराधिक गिरोह से जुड़ा है या फिर गिरोह का नाम इस्तेमाल कर सिंगर को डराने की कोशिश की गई है।

हाल में इन गानों को लेकर भी चर्चा में थीं सुदेश

सुदेश रोहिला पिछले कुछ समय से अपने गानों को लेकर भी चर्चा में रही हैं। करीब 15 दिन पहले उन्होंने ‘खीर पाखंडिया की’ गाना गाया था, जिसके बाद पाखंडवाद को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा हुई थी।

इसके अलावा बादशाह के ‘टटीरी’ गाने के जवाब में सुदेश ने 9 मार्च 2026 को ‘बोली ए टटीरी’ गीत रिलीज किया था। बादशाह का यह गाना बाद में बैन किए जाने को लेकर भी चर्चा में रहा था।

फिलहाल पुलिस धमकी के पीछे की वजह और मैसेज भेजने वाले व्यक्ति की पहचान पता लगाने में जुटी है। सुदेश रोहिला की शिकायत के बाद पुलिस की तकनीकी जांच से ही यह स्पष्ट होगा कि धमकी वास्तव में किसी गैंग से जुड़ी है या किसी व्यक्ति ने गैंग के नाम का इस्तेमाल कर रंगदारी मांगने की कोशिश की है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m