अतीश दीपंकर/सुल्तानगंज/भागलपुर। बिहार के नगर विकास एवं आवास मंत्री नीतीश मिश्रा ने आगामी विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेले की तैयारियों को लेकर सुल्तानगंज में एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में मेले की व्यवस्थाओं को सुदृढ़ बनाने और देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को निर्बाध सुविधाएं उपलब्ध कराने का खाका तैयार किया गया।

​भव्य स्वागत और विभागीय समन्वय

​सोमवार शाम सुल्तानगंज पहुंचने पर मंत्री नीतीश मिश्रा का स्थानीय विधायक प्रो. ललित नारायण मंडल, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी अभिषेक आनंद, अजगैविनाथ मंदिर के महंत प्रेमानंद गिरी और एनडीए कार्यकर्ताओं द्वारा पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया। इसके बाद नगर परिषद सभागार में आयोजित बैठक में भागलपुर सांसद अजय मंडल, बांका सांसद गिरधारी यादव, जिलाधिकारी नवल किशोर चौधरी, एसएसपी मनोज कुमार सहित जिला और प्रखंड के आला अधिकारियों ने हिस्सा लिया।

​श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोपरि

​बैठक को संबोधित करते हुए मंत्री नीतीश मिश्रा ने स्पष्ट किया कि श्रावणी मेला बिहार की पहचान है और यहां आने वाले कांवड़ियों को कोई असुविधा नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा श्रद्धालुओं को बेहतर से बेहतर सुविधाएं देना हमारी प्राथमिकता है। मेला शुरू होने से दस दिन पूर्व हम स्वयं सभी स्थलों का निरीक्षण करेंगे ताकि किसी भी स्तर पर कोई कमी न रहे।

​जन प्रतिनिधियों ने उठाईं मुख्य मांगें

​समीक्षा के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने कुछ महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए। उन्होंने गंगा घाट पर वर्ष भर SDRF की टीम की तैनाती, पंप ऑपरेटरों के वेतन और मानदेय का समय पर भुगतान तथा सुल्तानगंज के दक्षिणी क्षेत्रों में जल-जमाव की समस्या के समाधान की मांग रखी। मंत्री ने आश्वासन दिया कि इन सभी बिंदुओं पर युद्धस्तर पर कार्य किया जाएगा और सफाई व्यवस्था को मेले के दौरान विशेष प्राथमिकता दी जाएगी।
​इस बैठक में भागलपुर के विधायक रोहित पांडेय, जदयू जिलाध्यक्ष विवेकानंद गुप्ता और भाजपा जिलाध्यक्ष संतोष शाह सहित अन्य प्रमुख प्रतिनिधि और पदाधिकारी मौजूद थे। जिला प्रशासन ने संकल्प लिया है कि इस बार का श्रावणी मेला पिछले सभी वर्षों की तुलना में अधिक व्यवस्थित और श्रद्धालुओं के लिए सुखद होगा।