झज्जर। हरियाणा के झज्जर जिले के गांव जैतपुर के स्टार टेनिस खिलाड़ी सुमित नागल को 20वें एशियाई खेलों में भारतीय पुरुष टेनिस टीम का नेतृत्व सौंपा गया है। अखिल भारतीय टेनिस संघ द्वारा घोषित टीम में सुमित नागल को भारतीय चुनौती की कमान दी गई है, जिससे उनके परिवार और पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है।
2026 Asian Games का आयोजन जापान में 19 सितंबर से 4 अक्टूबर 2026 तक किया जाएगा। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में भारत की पुरुष टेनिस टीम में सुमित नागल के साथ मानस धामने, दक्षिणेश्वर सुरेश, युकी भांबरी , एन श्रीराम बालाजी और अनिरुद्ध चंद्रशेखर जैसे खिलाड़ी शामिल होंगे।
क्रिकेट छोड़ टेनिस को चुना, आज बने देश की उम्मीद
16 अगस्त 1997 को झज्जर में जन्मे सुमित नागल को बचपन में क्रिकेट का शौक था, लेकिन उनके पिता सुरेश नागल चाहते थे कि वह किसी व्यक्तिगत खेल में करियर बनाएं। पिता की प्रेरणा से सुमित ने मात्र 8 वर्ष की उम्र में टेनिस का रैकेट थाम लिया और फिर पीछे मुड़कर नहीं देखा।
जूनियर विंबलडन से बनाई पहचान
सुमित नागल ने वर्ष 2015 में विंबलडन चैंपियनशिप के जूनियर बॉयज डबल्स खिताब को जीतकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई थी। इसके बाद उन्होंने लगातार शानदार प्रदर्शन करते हुए भारतीय टेनिस में अपनी अलग जगह बनाई।
दो ओलंपिक में कर चुके हैं भारत का प्रतिनिधित्व
सुमित नागल भारत की ओर से 2020 Summer Olympics और 2024 Summer Olympics में भी चुनौती पेश कर चुके हैं। अब उनसे एशियाई खेलों में भी पदक की बड़ी उम्मीदें हैं।
पिता बोले- देश के लिए स्वर्ण जीतकर लौटेगा बेटा
सुमित के भारतीय टीम का कप्तान बनने की खबर से परिवार और गांव में उत्साह का माहौल है। उनके पिता सुरेश नागल ने कहा कि सुमित ने हमेशा अपनी मेहनत और समर्पण से देश का नाम रोशन किया है।
उन्होंने कहा, “एक पिता के लिए इससे बड़ा गर्व क्या हो सकता है कि उसका बेटा अंतरराष्ट्रीय मंच पर तिरंगे का प्रतिनिधित्व करे। हमें विश्वास है कि सुमित एशियाई खेलों में शानदार प्रदर्शन करेगा और देश के लिए स्वर्ण पदक जीतकर लौटेगा।”
झज्जर से जापान तक, देश की उम्मीद बने सुमित
भारतीय टेनिस के शीर्ष खिलाड़ियों में शामिल सुमित नागल अब एशियाई खेलों में भारत की पदक उम्मीदों का प्रमुख चेहरा होंगे। खेल प्रेमियों को उम्मीद है कि उनकी अगुवाई में भारतीय टेनिस टीम जापान में इतिहास रचेगी।

