सुपौल। जिले के रतनपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत भगवानपुर पंचायत में मंगलवार की देर रात चोरों ने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया। अज्ञात चोरों ने एक साथ तीन घरों में घुसकर नकदी, आभूषण और महत्वपूर्ण दस्तावेज चोरी कर लिए। इस घटना के बाद स्थानीय निवासियों में दहशत का माहौल है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी है।

​खिड़की और दरवाजे तोड़कर घुसे अपराधी

​घटनाक्रम के अनुसार रात लगभग दो बजे चोरों ने सबसे पहले वार्ड संख्या-11 निवासी देव सुंदरी देवी के घर को अपना निशाना बनाया। चोरों ने खिड़की और दरवाजे के रास्ते घर में प्रवेश किया और बक्से का ताला तोड़कर उसमें रखे 15 हजार रुपए नकद, लगभग 17 भरी चांदी के जेवरात (चेन और बाला) पर हाथ साफ कर दिया। इतना ही नहीं, चोरों ने पीड़िता के [आधार कार्ड] और बैंक पासबुक जैसे अत्यंत महत्वपूर्ण दस्तावेज भी अपने साथ ले गए।

​अन्य घरों से भी मोबाइल पार

​देव सुंदरी देवी के घर के बाद, चोरों ने उसी इलाके में रहने वाले जितेन्द्र राम और भोलबी देवी के घरों में भी सेंधमारी की। इन घरों से चोरों ने मोबाइल फोन चुराए। सुबह जब लोगों की नींद खुली, तो बक्से खुले और सामान बिखरा देख चोरी का पता चला। पीड़ितों के अनुसार, चोरी हुए कुल सामान और नकदी की अनुमानित कीमत लगभग एक लाख रुपए है।

​सीसीटीवी फुटेज से मिली सुराग की कड़ी

​घटना की जानकारी मिलते ही डायल-112 की टीम और रतनपुर थानाध्यक्ष पिंटू कुमार दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए। ग्रामीणों के अनुसार, घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर नेपाल के कंचनपुर क्षेत्र के बेलारदह निवासी एक व्यक्ति पर संदेह जताया जा रहा है।
​इस संदर्भ में रतनपुर थानाध्यक्ष पिंटू कुमार ने बताया कि पुलिस तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय लोगों से प्राप्त गुप्त जानकारियों के आधार पर छापेमारी कर रही है। पुलिस का कहना है कि संदिग्ध की पहचान और संलिप्तता की पुष्टि होते ही जल्द ही गिरोह को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल इलाके में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है और जांच जारी है।