Bihar Crime: बिहार के सुपौल जिले से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां स्कूल के पास स्मैक पी रहे कुछ युवकों को रोकना एक युवक को भारी पड़ गया। दरअसल स्मैक पीने से रोकने से नाराज युवक इतने उग्र हो गए कि कुछ देर बाद उन्होंने युवक के घर घुसकर उसे गोली मार दी। गोली लगने से घायल युवक की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज हायर सेंटर में चल रहा है।

स्कूल के बाहर स्मैक पी रहे थे युवक

घटना किसनपुर थाना क्षेत्र के थरविटिया पूर्व पुनर्वास गांव की है। वहीं, घायल युवक की पहचान स्थानीय निवासी बलवंत कुमार (25) पुत्र दिनेश प्रसाद यादव के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, गांव के पास स्थित एक विद्यालय के बाहर चार से पांच युवक कथित तौर पर स्मैक (नशीला पदार्थ) पी कर रहे थे। उसी दौरान वहां पहुंचे बलवंत कुमार ने युवकों को ऐसा करने से मना किया और कहा कि यहां स्कूली बच्चे आते-जाते रहते हैं, यहां पर नशा मत करो।

कहासुनी के बाद घर में घुसकर मारी गोली

बलवंत की यह बात स्मैक पी रहे युवकों का नागवार गुजरी। इस बात को लेकर बलवंत की उन सभी युवकों से बहस होने लगी। हालांकि कुछ देर तक हुई कहासुनी के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर मामले को शांत करा दिया। इसके बाद सभी लोग अपने-अपने घर लौट गए। लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि यह विवाद कुछ ही देर में खूनी रूप ले लेगा।

बताया जा रहा है कि बलवंत कुमार घर लौटने के बाद स्नान कर रहा था। इसी दौरान दो बाइक पर सवार करीब पांच युवक उसके घर पहुंच गए। आरोप है कि बदमाशों ने पहले गाली-गलौज शुरू की और फिर अचानक फायरिंग कर दी। गोली सीधे बलवंत कुमार के बाएं बांह में लगी। गोली लगते ही वह जमीन पर गिर पड़ा और घर में अफरा-तफरी मच गई।

बांह में फंसी है गोली

गोली चलने की आवाज सुनते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए। परिजन और स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को तत्काल सदर अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया। डॉक्टरों के मुताबिक, गोली अभी भी युवक की बांह में फंसी हुई है। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घायल युवक की मां ने कहा कि, मेरे बेटे ने सिर्फ इतना कहा था कि स्कूल के बाहर स्मैक मत पियो। इसी बात पर घर में घुसकर उसे गोली मार दी गई।

छानबीन में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगालने में जुटी हुई है, जिससे अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जा सके। घटना के संबंध में किसनपुर थानाध्यक्ष ज्ञान रंजन ने बताया कि, दो पक्षों के बीच विवाद हुआ था, जिसमें एक युवक को गोली लगने की सूचना मिली है। मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने परिजनों को यह आश्वासन दिलाया है कि मामले में आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें- इलाज के दौरान महिला मरीज की मौत होने से नाराज परिजनों ने अस्पताल में की तोड़फोड़, डॉक्टर फरार