जुबैर अंसारी/सुपौल। भारत-नेपाल सीमा पर अवैध गतिविधियों और तस्करी को रोकने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत 45वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (SSB), बीरपुर को बड़ी सफलता हाथ लगी है। बल के जवानों ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में गांजा, एक नेपाली मोटरसाइकिल और 09 बैलों के साथ एक तस्कर को पकड़ने में कामयाबी हासिल की है।
गांजा छोड़कर भागे तस्कर
घटना सोमवार देर रात्रि की है। 45वीं वाहिनी की स्पेशल QRT पार्टी नियमित गश्त पर थी। इस दौरान भीमनगर-सहरसा चौक के पास लालपुर गांव की ओर से एक संदिग्ध मोटरसाइकिल आती दिखी। SSB जवानों को देख चालक घबरा गया और भागने की कोशिश में मोटरसाइकिल समेत गिर पड़ा। अंधेरे का फायदा उठाकर मोटरसाइकिल सवार दो व्यक्ति जंगल की ओर फरार हो गए। घटनास्थल की तलाशी लेने पर दो बोरियों में 16.5 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। मौके पर पहुंची भीमनगर थाना पुलिस ने गांजा और नेपाली नंबर की मोटरसाइकिल को जब्त कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।
बैलों की तस्करी का भंडाफोड़
वहीं दूसरी घटना में सीमा चौकी सिमरीघाट के जवानों ने गश्त के दौरान 09 बैलों के साथ एक व्यक्ति को हिरासत में लिया। पकड़े गए व्यक्ति की पहचान छिटही गांव निवासी रामदेव मुखिया के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान वह बैलों के स्वामित्व या परिवहन से जुड़े कोई भी वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका। अवैध तस्करी के संदेह में SSB ने आरोपी और बरामद बैलों को भपटियाही थाना पुलिस के हवाले कर दिया है।
निरंतर जारी रहेगा अभियान: कमांडेंट
इस सफलता में सहायक उप निरीक्षक नवीन सिंह, मुख्य आरक्षी प्रताप नारायण दुबे और बिहार पुलिस के पीटीसी रामचंद्र चौधरी समेत अन्य जवानों ने अहम भूमिका निभाई। 45वीं वाहिनी के कमांडेंट गौरव सिंह ने बताया कि सीमा क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी और पशु तस्करी पर लगाम लगाने के लिए SSB पूरी तरह सतर्क है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सीमा सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह के प्रभावी अभियान भविष्य में भी निरंतर जारी रहेंगे। यह कार्रवाई सीमावर्ती इलाकों में सक्रिय तस्करों के मंसूबों पर बड़ा प्रहार है।

