जुबैर अंसारी, सुपौल। जिले के वीरपुर में विदेश भेजने के नाम पर लोगों से पासपोर्ट और लाखों रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। शिकायत मिलने पर वीरपुर एसडीएम विनय कुमार ने तुरंत कार्रवाई करते हुए बसमतिया रोड स्थित ‘बसमतिया टूर एंड ट्रेवल्स’ एजेंसी को सील कर दिया है।

​छापेमारी और सील करने की कार्रवाई

शिकायत मिलने के बाद एसडीएम विनय कुमार, अंचलाधिकारी ब्रजेश कुमार सिंह और वीरपुर थानाध्यक्ष संजय कुमार दास ने पुलिस बल के साथ एजेंसी पर औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान संचालक मोहम्मद आरिफ मौके पर मौजूद नहीं था। फोन पर संपर्क करने पर उसने दिल्ली में होने की जानकारी दी। प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच पूरी होने तक एजेंसी को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया है।

​रूस भेजने के नाम पर धोखाधड़ी के आरोप

शिकायतकर्ता जियाउल हक के अनुसार, वीरपुर नगर पंचायत के वार्ड संख्या-6 निवासी मोहम्मद आरिफ पिछले दो वर्षों से काली मंदिर के पास अमजद अली के किराए मकान में यह एजेंसी चला रहा था। आरोप है कि रूस भेजने और वर्क वीजा दिलाने का झांसा देकर कई लोगों से पासपोर्ट और बड़ी रकम ली गई।
​शिकायतकर्ताओं में मजहरूल हक, ताकिउद्दीन, शमीम अख्तर, कुमरूल होदा और अकमल हुसैन शामिल हैं, जिनसे रूस भेजने के नाम पर प्रति व्यक्ति करीब एक-एक लाख रुपये और पासपोर्ट लिए गए। पैसे और दस्तावेज देने के 8 से 9 महीने बीत जाने के बाद भी जब उन्हें विदेश नहीं भेजा गया, तो ठगी का खुलासा हुआ। एक अन्य मामले में मोहम्मद जावेद और अत्ताउल्लाह से वर्क वीजा के नाम पर 1.96 लाख रुपये ठगे गए। उन्हें टूरिस्ट वीजा पर दिल्ली भेजकर टिकट रद्द होने का बहाना बनाकर वापस बुला लिया गया, लेकिन न तो वीजा मिला और न ही पैसे लौटाए गए।

​सोशल मीडिया प्रभारियों की भूमिका पर सवाल

यह एजेंसी बिना वैध रजिस्ट्रेशन या अनुमति के संचालित हो रही थी। इसके बावजूद, सोशल मीडिया पर ‘सुपौल टीवी’ नाम से इसे प्रमोट किया जा रहा था। स्थानीय स्तर पर यह सवाल भी उठ रहा है कि चंद पैसों के लालच में इस तरह की अवैध और फर्जी गतिविधियों का प्रचार करने वाले तथाकथित सोशल मीडिया पत्रकारों पर भी प्रशासनिक शिकंजा कसा जाना चाहिए। फिलहाल प्रशासन सभी दस्तावेजों और शिकायतों की गहनता से जांच कर रहा है, जिसके बाद आगे की कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।