सुपौल। बिहार के सुपौल जिले के राघोपुर थाना अंतर्गत सिमराही वार्ड संख्या-4 में मंगलवार की सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। एक महिला ने अपने 12 वर्षीय बेटे के साथ मोबाइल टावर की ऊंचाई पर चढ़कर प्रशासन में हड़कंप मचा दिया। महिला का आरोप है कि उसके पति ने दूसरी शादी कर ली है और उसे घर से बाहर निकाल दिया है जिसके चलते उसने यह आत्मघाती कदम उठाया।
क्या है पूरा मामला?
टावर पर चढ़ी महिला की पहचान मधेपुरा जिले के बिहारीगंज की निवासी गुड्डी देवी के रूप में हुई है। गुड्डी का दावा है कि करीब 10 वर्ष पूर्व उसने मोतीपुर निवासी अमरेंद्र ठाकुर के साथ दिल्ली-गुरुग्राम में प्रेम विवाह किया था। इस शादी से उनका 12 वर्षीय बेटा भी है। महिला का आरोप है कि शादी के कुछ साल बाद पति का व्यवहार बदल गया। अमरेंद्र ने दूसरी शादी रचा ली और उसे व उसके मासूम बेटे को बेघर कर दिया।
प्रशासनिक उदासीनता से खफा होकर उठाया कदम
गुड्डी देवी का कहना है कि उसने पति के खिलाफ स्थानीय थाना और वरीय पुलिस अधिकारियों से कई बार गुहार लगाई लेकिन हर जगह से उसे केवल आश्वासन मिला। न्याय की उम्मीद टूटते देख महिला ने विरोध का चरम रास्ता चुना और अपने बेटे के साथ मोबाइल टावर पर जा चढ़ी। उसने स्पष्ट चेतावनी दी है कि जब तक सुपौल के जिला पदाधिकारी (DM) और पुलिस अधीक्षक (SP) खुद मौके पर आकर उसे न्याय का लिखित भरोसा नहीं देते वह और उसका बेटा नीचे नहीं उतरेंगे।
प्रशासन और ग्रामीणों में अफरा-तफरी
घटना की सूचना मिलते ही सिमराही में भारी भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों की सांसें अटकी रहीं क्योंकि महिला के साथ एक नाबालिग बच्चा भी था। राघोपुर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और महिला से लगातार संपर्क साधकर उसे नीचे उतरने के लिए मनाने का प्रयास कर रही है। समाचार लिखे जाने तक प्रशासन के अधिकारी मौके पर डटे हुए थे और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे थे।
इस घटना ने एक बार फिर से पारिवारिक विवादों में पुलिसिया कार्रवाई की सुस्त रफ्तार पर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन का कहना है कि उनकी पहली प्राथमिकता महिला और बच्चे को सुरक्षित नीचे उतारना है जिसके बाद ही मामले की गहराई से जांच कर आरोपी पति के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

