कुंदन कुमार/पटना। बिहार के पूर्व मंत्री और राजद नेता तेज प्रताप यादव इन दिनों विवादों के भंवर में घिरे हुए हैं। हाल ही में उनके सरकारी आवास से चोरी की घटना सामने आई है जिसके बाद उन्होंने अपने ही निजी सहायक (PA) मोतीलाल राय पर गंभीर आरोप लगाए हैं। इस मामले में सचिवालय थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

निजी सहायक पर चोरी का आरोप
तेज प्रताप यादव ने आरोप लगाया है कि उनके सरकारी आवास से कीमती सामान गायब है जिसके लिए उन्होंने अपने पीए मोतीलाल राय को जिम्मेदार ठहराया है। शिकायत मिलते ही पुलिस टीम ने आवास पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
आकाश यादव के साथ कानूनी जंग
चोरी के मामले के अलावा तेज प्रताप यादव और आकाश यादव के बीच का विवाद गहरा गया है। तीन दिन पहले तेज प्रताप ने सचिवालय थाना में आकाश यादव के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। तेज प्रताप का दावा है कि उन्हें आकाश के जरिए जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं। उन्होंने आकाश पर उनकी छवि खराब करने और उन्हें झूठे मुकदमों में फंसाने की साजिश रचने का गंभीर आरोप लगाया है।
आरोप-प्रत्यारोप का दौर
विवाद की शुरुआत तब हुई जब आकाश यादव ने तेज प्रताप पर जबरन उनके घर में घुसने और परिवार को जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया। आकाश का कहना है कि तेज प्रताप उनकी भांजी अनुष्का यादव की बेटी से मिलने के लिए उन पर अनुचित दबाव बना रहे थे।
इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए तेज प्रताप ने पलटवार किया है। उन्होंने अनुष्का यादव और आकाश यादव समेत कुल 8 लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। तेज प्रताप का कहना है कि उन्हें ब्लैकमेल किया जा रहा है, पैसे की अवैध मांग की जा रही है और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है।
मानहानि का मुकदमा और गंभीर आरोप
तेज प्रताप ने ऐलान किया है कि वे जल्द ही आकाश यादव के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दायर करेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि आकाश राजनीतिक पहचान बनाने के लिए उनके परिवार के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल कर रहा है। इसके लिए 7 जून को दिल्ली से लीगल नोटिस भी भेजा गया था। तेज प्रताप ने यह भी दावा किया कि आकाश यादव का एक गैंग है जो उनके खिलाफ साजिशें रचता है। उन्होंने पुलिस से इन गतिविधियों की निष्पक्ष जांच करने की मांग की है।

