सूरत शहर में एक ही दिन में करंट की चपेट में आने से तीन युवा श्रमिकों की दर्दनाक मौत हो गई। ये हादसे सचिन जीआईडीसी, पांडेसरा और लिंबायत इलाकों में बीती शुक्रवार की रात काम करने के दौरान हुए। मृतकों में सिलाई मशीन हटाने गया एक युवक, डाइनिंग मशीन चालू करने वाला कर्मी और मिल में कार्यरत श्रमिक शामिल हैं। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और परिजनों के बयानों के आधार पर आकस्मिक मौत का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पहली घटना: सचिन GIDC (खराब वायरिंग से धीरज की मौत)
सचिन जीआईडीसी की एक क्लच कंपनी में काम करने वाले 22 वर्षीय धीरज कुमार की सिलाई मशीन हटाने के दौरान करंट लगने से मौके पर ही मौत हो गई। धीरज मूल रूप से बिहार का निवासी था और उसकी शादी करीब दो महीने पहले ही हुई थी। धीरज के भाई संतोष और साथी भवानी सिंह ने बताया कि मोटर जल जाने और वायरिंग या इंसुलेशन खराब होने के कारण मशीन के मेटल वाले हिस्से में करंट आ गया था। परिजनों के अनुसार मशीन में करंट आने की शिकायत पहले भी की गई थी, लेकिन मरम्मत नहीं कराई गई। उसे तुरंत संजीवनी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
दूसरी घटना: पांडेसरा (मशीन चालू करते ही लगा करंट)
पांडेसरा की सहज मिल में रात की शिफ्ट के दौरान 21 वर्षीय अनिल शर्मा की मौत हो गई। अनिल मिल में डाइंग का काम करता था। रात में वह वॉशरूम गया था और वहां से लौटने के बाद जैसे ही उसने मशीन चालू की, उसे जोरदार करंट लगा और वह अचेत होकर गिर पड़ा। सहकर्मियों ने उसे अस्पताल ले जाने का प्रयास किया, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। परिजनों ने मिल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए सख्त कार्रवाई और न्याय की मांग की है।
तीसरी घटना: लिंबायत (मिल में काम कर रहे किशन की मौत)
लिंबायत की एक मिल में डाइंग मशीन पर काम करने के दौरान 22 वर्षीय किशन मित्रा की करंट लगने से मौत हो गई। किशन रात की शिफ्ट में मशीनरी पर काम कर रहा था, तभी वह करंट की चपेट में आ गया और मौके पर गिर पड़ा। अस्पताल ले जाने के बावजूद उसे बचाया नहीं जा सका। हादसे के बाद परिजनों की कंपनी मालिक से बातचीत चल रही थी, लेकिन बाद में कंपनी पक्ष ने बात करने से इंकार कर दिया।
एक ही रात में तीन अलग-अलग औद्योगिक इकाइयों में हुए इन हादसों ने फैक्ट्रियों में इलेक्ट्रिकल मेंटेनेंस और सुरक्षा इंतजामों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m
मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक
छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें



