सूरत: गुजरात की सूरत शहर क्राइम ब्रांच (पीसीबी) ने 25 साल से फरार चल रहे 20 हजार रुपये के इनामी और टॉप-16 मोस्ट वांटेड अपराधी को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी को झारखंड के पलामू जिले के नक्सल प्रभावित इलाके से बड़े ही शातिराना अंदाज में ‘पोस्टमैन’ का रूप धरकर दबोचा।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान 47 वर्षीय मिथिलेश मैनेजरसिंह भूमिहार के रूप में हुई है। वह वर्ष 2001 में सूरत के उधना इलाके स्थित एक पुराने पेट्रोल पंप पर हुई सनसनीखेज लूट और मैनेजर की हत्या के मामले में मुख्य आरोपी था।
2001 के पेट्रोल पंप लूट और हत्या से जुड़ा है मामला
पूछताछ में मिथिलेश ने कबूला कि साल 2001 में उसने अपने साथियों के साथ उधना गांव के एक पेट्रोल पंप पर हथियार के बल पर लूट की थी। इस दौरान हुई गोलीबारी में पेट्रोल पंप मैनेजर की मौके पर ही मौत हो गई थी। इस वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी सूरत छोड़कर फरार हो गया था और पहचान छिपाकर रह रहा था।
डाक का थैला लेकर गांव पहुंची पुलिस
तकनीकी सर्विलांस और मुखबिर की सटीक सूचना के आधार पर सूरत पुलिस को पता चला कि मिथिलेश पलामू जिले के पांकी ब्लॉक अंतर्गत पीपराहट थाना क्षेत्र के सीरम टोला गांव में छिपा हुआ है। चूंकि यह इलाका नक्सली गतिविधियों से प्रभावित था, इसलिए सामान्य तरीके से छापेमारी करना जोखिम भरा था।
पुलिस टीम ने एक अनोखा प्लान बनाया। पुलिसकर्मी डाक का थैला और आरोपी के नाम का लिफाफा लेकर पोस्टमैन के भेष में गांव पहुंचे। स्थानीय लोगों से पता पूछते-पूछते टीम सीधे मिथिलेश के घर पहुंची और घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
कई गंभीर मामलों में था वांछित
पुलिस के अनुसार, मिथिलेश के खिलाफ उधना और लिंबायत थानों में लूट, हत्या, आर्म्स एक्ट, दुष्कर्म, अपहरण और आपराधिक साजिश जैसी संगीन धाराओं में कई मामले दर्ज हैं। वह एक मामले में जमानत पर बाहर आने के बाद से अदालत में पेश नहीं हो रहा था, जिसके बाद उसका गिरफ्तारी वारंट जारी हुआ था। सूरत पीसीबी ने पिछले साढ़े तीन सालों में 10 साल से अधिक समय से फरार 56 गंभीर अपराधियों को गिरफ्तार किया है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m
मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक
छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें



