कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला ने विनेश फोगाट के खिलाफ हुई कार्रवाई पर तीखा हमला बोलते हुए इसे खिलाड़ियों की आवाज दबाने की कोशिश बताया है। उन्होंने हरियाणा के मुख्यमंत्री से इस मामले पर स्पष्टीकरण मांगा है।

कृष्ण कुमार सैनी, चंडीगढ़। रणदीप सुरजेवाला (Randeep Singh Surjewala) ने पहलवान और विधायक विनेश फोगाट (Vinesh Phogat) के खिलाफ हुई कार्रवाई को लेकर भाजपा और WFI पर तीखा हमला बोला है। सुरजेवाला ने इसे “बदले की राजनीति” बताते हुए कहा कि विनेश को सच बोलने की सजा दी जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा से जुड़े लोग और WFI का पुराना तंत्र खिलाड़ियों की आवाज दबाने की कोशिश कर रहा है।

सुरजेवाला ने अपने X पोस्ट में कहा कि “प्रतिशोध की अंधी आग में धधकते भाजपा के WFI और बृजभूषण शरण सिंह के गुर्गों को यह समझ लेना चाहिए कि वे हरियाणा और देश की पहलवान बेटियों की आवाज कभी दबा नहीं पाएंगे।” उन्होंने कहा कि विनेश फोगाट ने खिलाड़ियों के सम्मान और न्याय की लड़ाई लड़ी थी, लेकिन अब उसी की कीमत उन्हें चुकानी पड़ रही है।

कांग्रेस नेता ने सवाल उठाया कि जब ओलंपियन खिलाड़ी और हरियाणा विधानसभा की विधायक विनेश फोगाट के साथ ऐसा व्यवहार हो सकता है, तो सामान्य खिलाड़ियों के साथ क्या होता होगा। उन्होंने कहा कि खेल और खिलाड़ियों को राजनीतिक प्रतिशोध का शिकार बनाया जाना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।

सुरजेवाला ने हरियाणा के मुख्यमंत्री Nayab Singh Saini पर भी निशाना साधते हुए पूछा कि आखिर इस पूरे मामले में उनकी चुप्पी क्यों है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हरियाणा की बेटी और विधायक के समर्थन में एक शब्द तक बोलने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे। इस बयान के बाद हरियाणा की राजनीति में एक बार फिर खिलाड़ी आंदोलन और WFI विवाद को लेकर सियासी बहस तेज हो गई।