चतरा। चतरा के न्यू परिसदन भवन के पास स्थित चांदनी रेस्टोरेंट में अनैतिक गतिविधियों की सूचना पर पुलिस ने शुक्रवार को छापेमारी की। एसपी अनिमेष नैथानी के निर्देश पर एसडीपीओ सन्नी वर्धन के नेतृत्व में हुई कार्रवाई के दौरान 5 युवतियों, 4 युवकों और रेस्टोरेंट संचालक के बेटे को हिरासत में लिया गया।
पुलिस के अनुसार, रेस्टोरेंट में अनैतिक गतिविधियां संचालित होने की सूचना मिली थी। सूचना का सत्यापन करने के बाद पुलिस टीम ने अचानक छापेमारी की और मौके पर मौजूद युवक-युवतियों को हिरासत में लेकर सदर थाना पहुंचाया।
पूछताछ के बाद सामने आएगा पूरा मामला
पुलिस हिरासत में लिए गए सभी लोगों से पूछताछ कर रही है। जांच के जरिए यह पता लगाया जा रहा है कि रेस्टोरेंट में किस तरह की गतिविधियां चल रही थीं और इस मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता है या नहीं।
रेस्टोरेंट संचालकों को सख्त चेतावनी
एसडीपीओ सन्नी वर्धन ने बताया कि कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई है। उन्होंने कहा कि होटल और रेस्टोरेंट में इस तरह की गतिविधियों की पुष्टि होने पर संचालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। मामले में जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई होगी।

