अजय सैनी, भिवानी। हांसी गेट स्थित एक नामी मिष्ठान भंडार में उस समय अफरा तफरी मच गई, जब पुलिस और प्रशासन की टीम ने अचानक वहां दबिश दे दी। दुकान के अंदर का नजारा देखकर हर कोई हैरान रह गया। वहां 4 छोटे मासूम बच्चों से काम कराया जा रहा था। टीम ने बिना देरी किए तुरंत कार्रवाई की और चारों बच्चों को वहां से सुरक्षित बाहर निकाला।

दरअसल बाल कल्याण समिति और पुलिस की विशेष टीम को इस दुकान में मासूमों से काम कराने की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही अधिकारियों ने तुरंत रणनीति बनाई और दुकान पर छापेमारी कर दी। कार्रवाई इतनी अचानक हुई कि दुकान मालिक को संभलने का मौका तक नहीं मिला। रेस्क्यू किए गए बच्चों को तुरंत सुरक्षित स्थान पर भेजा गया, जहां विशेषज्ञ उनसे बात कर रहे हैं।

पढ़ाई और सुरक्षा सबसे जरूरी

समिति के अध्यक्ष प्रदीप सिंह तंवर ने बताया कि बच्चों के हाथों में किताबें होनी चाहिए, काम का बोझ नहीं। हर बच्चे को सुरक्षित और भयमुक्त माहौल मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि इन बच्चों को उनके परिवार से मिलाने और उनका स्कूल में दाखिला कराने की पूरी तैयारी की जा रही है।

इस दौरान टीम के कई प्रमुख सदस्य और पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन की इस त्वरित कार्रवाई की पूरे इलाके में जमकर तारीफ हो रही है। समिति ने साफ कर दिया है कि मासूमों के अधिकारों की रक्षा के लिए ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m