दिल्ली पुलिस (Delhi Police) में कॉन्स्टेबल पद पर भर्ती के लिए वजीराबाद स्थित दिल्ली पुलिस एकेडमी में चल रहे फिजिकल एंड्योरेंस एंड मेजरमेंट टेस्ट (PE&MT) के दौरान फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है। पुलिस ने एक ऐसे उम्मीदवार को गिरफ्तार किया है, जिसने कथित तौर पर अपनी जगह किसी दूसरे व्यक्ति से फिजिकल टेस्ट दिलवाया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान हरियाणा के सोनीपत जिले के सिलाना गांव निवासी 19 वर्षीय अक्षत के रूप में हुई है। आरोप है कि अक्षत ने अपनी जगह दूसरे व्यक्ति को दौड़ और कूद की परीक्षा देने के लिए भेजा था। मामला सामने आने के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और जांच शुरू कर दी है।
लाइन में संदिग्ध हालत में खड़ा मिला युवक
पुलिस के मुताबिक, 1600 मीटर दौड़, लंबी कूद और ऊंची कूद जैसी शारीरिक परीक्षाएं पूरी होने के बाद अक्षत लंबाई और सीने के माप के लिए कतार में खड़ा था। इस दौरान अधिकारियों को उसकी गतिविधियां संदिग्ध लगीं। अधिकारियों ने गौर किया कि इतनी कड़ी शारीरिक परीक्षा के बावजूद उसके शरीर पर न तो पसीना था और न ही धूल के निशान थे। इसी दौरान कुछ अन्य अभ्यर्थियों ने भी अधिकारियों को बताया कि फिजिकल टेस्ट अक्षत ने नहीं, बल्कि किसी दूसरे व्यक्ति ने दिया है। इसके बाद अधिकारियों ने उससे पूछताछ की। पुलिस ने मामले में धोखाधड़ी समेत संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है और फर्जी उम्मीदवार के साथ ही इस मामले में शामिल अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।
शारीरिक माप से ठीक पहले बदला चेस्ट नंबर
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में अक्षत ने कथित तौर पर फर्जीवाड़े की बात स्वीकार की। उसने बताया कि उसके भाई ने फिजिकल टेस्ट पास कराने के लिए उसकी जगह एक दूसरे व्यक्ति की व्यवस्था की थी। आरोप है कि फर्जी उम्मीदवार ने एडमिट कार्ड में कथित छेड़छाड़ के बाद परीक्षा केंद्र में प्रवेश किया और अक्षत की जगह दौड़ व कूद की परीक्षा दी। पुलिस के मुताबिक, फिजिकल टेस्ट पूरा होने के बाद बायोमेट्रिक जांच और शारीरिक माप से ठीक पहले फर्जी उम्मीदवार ने अपना चेस्ट नंबर अक्षत को दे दिया और वहां से निकल गया। इसके बाद अक्षत को हिरासत में लेकर सोनिया विहार थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस अब फरार फर्जी उम्मीदवार और इस फर्जीवाड़े में शामिल अन्य लोगों की तलाश कर रही है।
दिल्ली पुलिस भर्ती की दौड़ में 3 दिन पहले युवक की मौत
बता दें कि इससे पहले 21 सितंबर को दिल्ली पुलिस में भर्ती के लिए वजीराबाद स्थित दिल्ली पुलिस एकेडमी में आयोजित शारीरिक परीक्षा के दौरान एक 23 वर्षीय युवक की मौत हो गई थी। मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के अनूपशहर निवासी सौरभ कुमार के रूप में हुई थी। पुलिस के अनुसार, सौरभ दिल्ली पुलिस भर्ती के लिए चल रही शारीरिक परीक्षा में शामिल अभ्यर्थियों में से एक था। दौड़ के दौरान वह अचानक ट्रैक पर गिर गया। घटना की सूचना पुलिस को करीब 11:11 बजे मिली। मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने उसे तत्काल प्राथमिक चिकित्सा दी। इसके बाद उसे पीसीआर वाहन से जग प्रवेश चंद्र अस्पताल के आपातकालीन विभाग में ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के कारणों की जानकारी के लिए पुलिस ने संबंधित तथ्यों की जांच की थी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


