अनुज कुमार पांडेय, गोपालगंज। जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां बैकुंठपुर थाना क्षेत्र के दिघवा दिग्वली मठिया गांव में एक 26 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की पहचान सितारा खातून के रूप में हुई है, जो कौसर अंसारी की पत्नी थी। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। वहीं, घटना को अंजाम देने के बाद ससुराल पक्ष के सभी सदस्य घर छोड़कर फरार हो गए हैं।
विदेश में वेल्डिंग का काम करता है पति
जानकारी के अनुसार, मृतका सितारा खातून का मायका हरखुआ थाना क्षेत्र में है। उसकी शादी वर्ष 2020 में दिघवा दिग्वली मठिया गांव निवासी कौसर अंसारी के साथ मुस्लिम रीति-रिवाज के अनुसार हुई थी। वह अपने पीछे दो छोटे बच्चों (एक बेटा और एक बेटी) को छोड़ गई है। बताया जा रहा है कि सितारा खातून का पति कौसर अंसारी विदेश में वेल्डिंग का काम करता है और घटना के समय वह घर पर मौजूद नहीं था।
परिजनों ने लगाया हत्या का गंभीर आरोप
मृतका के पिता मोहम्मद फरीद मियां और अन्य परिजनों ने ससुराल वालों पर हत्या का सीधा आरोप लगाया है। परिजनों के मुताबिक, पिछले तीन दिनों से ससुराल में ननद, गोतिया और सास के साथ सितारा खातून का किसी बात को लेकर लगातार विवाद चल रहा था। इसी कलह के बीच, घटना वाली रात संदिग्ध परिस्थितियों में उसकी मौत हो गई। मायके पक्ष का आरोप है कि ससुराल के लोगों ने मिलकर उनकी बेटी की गला दबाकर बेरहमी से हत्या कर दी और साक्ष्य छुपाने की कोशिश की।
ससुराल पक्ष के सभी आरोपी फरार
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय बैकुंठपुर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर कागजी कार्रवाई पूरी की और उसे पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच सभी बिंदुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है। मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल, घटना के बाद से फरार चल रहे ससुराल पक्ष के आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही दोषियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
ये भी पढ़ें- EOU के निशाने पर इंस्पेक्टर, 5 ठिकानों पर EOU का सर्च ऑपरेशन जारी

