अविनाश श्रीवास्तव, रोहतास। सासाराम में चेनारी स्तिथ कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में एक छात्रा की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। मृतक छात्रा इंदु कुमारी कैमूर जिला के अधौरा की रहने वाली थी। वह तिलकधारी खरवार की पुत्री थी। बताया जाता है कि प्रत्येक दिन की तरह आज सुबह में नाश्ता करने के बाद अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई।

छात्रा की तबीयत खराब होने के बाद छात्रावास के वार्डन ने उसे शिवसागर के स्वास्थ्य केंद्र पर इलाज के लिए लाया। लेकिन यहां पर उसकी तबीयत में कोई सुधार नहीं हुआ। हालत और बिगड़ने पर उसे सदर अस्पताल लाया गया। हालांकि इस दौरान बीच रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

पोस्टमार्टम के बाद साफ होगी मौत की वजह

वहीं, घटना की सूचना मिलने के बाद परिजन अस्पताल पहुंच रहे हैं। इस संबंध में शिक्षा विभाग के डीपीओ रोहित रोशन ने बताया कि बच्ची के बीमार होने की सूचना पर वह भी अस्पताल पहुंचे और घटना की जानकारी ली। वहीं सिविल सर्जन डॉ. मणिराज रंजन का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा की बच्ची को आखिर हुआ क्या था? फिलहाल कोई खास सिंपटम सामने नहीं आया है। जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।

छात्रों में भय और गम का माहौल

खबर लिखे जाने तक मृतक छात्रा का शव पोस्टमार्टम के लिए सासाराम के सदर अस्पताल में रखा गया है। परिजन अभी रास्ते में और पहुंचने वाले हैं। वहीं, दूसरी ओर छात्रा की अचानक मौत होने से कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में छात्राओं के बीच भय और गम का माहौल है।

ये भी पढ़ें- दहेज की भेंट चढ़ी खुशियां: गया में शादी के 13वें दिन नवविवाहिता की गला घोंटकर हत्या, पूरा परिवार फरार