देश के सबसे प्रतिष्ठित तकनीकी संस्थानों में शुमार IIT खड़गपुर से एक और छात्र की असामान्य मौत की खबर सामने आई है. राजस्थान का रहने वाला IIT खड़गपुर में मैकेनिकल इंजीनियरिंग छात्र 19 वर्षीय अंकित शर्मा गुरुवार दोपहर करीब 3 बजे परिसर की प्रसिद्ध नालंदा बिल्डिंग की चौथी मंजिल से नीचे गिर गया. उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
पश्चिम बंगाल में आईआईटी खड़गपुर में एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है. अंकित शर्मा की संदिग्ध मौत से पूरे कैंपस में हड़कंप मच गया है.
राजस्थान का रहने वाला अंकित शर्मा पिछले वर्ष जुलाई में खड़गपुर आइआइटी में दाखिला लिया था. नागौर का रहने अंकित शर्मा मैकेनिकल इंजीनियरिंग का सेकंड ईयर का छात्र था.
पुलिस और आईआईटी प्रबंधन ने इस मौत को लेकर अंदेशा यह जाहिर किया है कि हो सकता है कि रेलिंग पर बैठकर मोबाइल पर बात करते वक्त अंकित का संतुलन बिगड़ गया होगा या फिर दूसरी संभावना यह बताई गई कि बारिश के कारण बालकनी फिसलन भरी थी, जिससे पैर फिसलने से वह नीचे गिर गया.
प्रत्यक्षदर्शियों और शुरुआती रिपोर्टों के मुताबिक, दोपहर 3:00 बजे नालंदा बिल्डिंग के पास अचानक एक तेज आवाज हुई. वहां मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने देखा कि अंकित शर्मा जमीन पर लहूलुहान हालत में पड़ा हुआ था. आनन-फानन में परिसर के ही बी.सी. रॉय अस्पताल ले जाया गया, जहां अस्पताल में डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद अंकित को मृत घोषित कर दिया.
इस घटना ने एक बार फिर IIT खड़गपुर में छात्रों के मानसिक स्वास्थ्य, परिसर में सुरक्षा के इंतजाम और बढ़ते दबाव पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं.
लगातार हो रही इन मौतों से कैंपस का माहौल गमगीन और तनावपूर्ण बना हुआ है. कुछ दिन पहले ही खड़गपुर आइआइटी परिसर में इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग विभाग के सहायक प्रोफेसर दीपक रेड्डी पुल्लागुरम का शव उनके क्वार्टर से मिला था.
इस साल परिसर के भीतर अप्राकृतिक मौतों का यह कोई पहला मामला नहीं है. 5 महीने में इस तरह 7 मौतें हो चुकी हैं. आइआइटी प्रशासन की ओर से अभी कोई टिप्पणी नहीं की गई है. अब IIT खड़गपुर में होनहार छात्रों की इन रहस्यमयी मौतों पर सवाल भी उठने लगे हैं.
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


