हिसार । स्थानीय अर्बन एस्टेट थाना की हवालात में बंद 30 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान मछली मार्केट निवासी सुनील के रूप में हुई है, जो इलाके में चिकन कॉर्नर संचालित करता था। घटना के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। थाना प्रभारी विकास कुमार मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली।

पत्नी की शिकायत पर हिरासत में लिया गया था

जानकारी के अनुसार, सुनील का अपनी पत्नी संध्या के साथ अक्सर विवाद होता था। आरोप है कि वह पत्नी के साथ मारपीट करता था। मंगलवार शाम करीब 5 बजे संध्या ने घरेलू हिंसा और मारपीट की शिकायत पुलिस से की। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और सुनील को हिरासत में लेकर थाने ले आई।

मेडिकल के बाद हवालात में किया गया बंद

पुलिस ने नियमानुसार पहले सुनील का नागरिक अस्पताल में मेडिकल परीक्षण कराया। इसके बाद मंगलवार रात उसे थाने की हवालात में बंद कर दिया गया।

बुधवार सुबह करीब 8 बजे ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मी जब सुनील को जगाने पहुंचे तो उसने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। जांच करने पर वह मृत मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों में हड़कंप मच गया।

मजिस्ट्रेट की निगरानी में होगी जांच

पुलिस हिरासत में मौत का मामला होने के कारण नियमानुसार न्यायिक मजिस्ट्रेट को इसकी सूचना दे दी गई है। मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में पंचनामा की कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भेजा जाएगा।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा मौत के कारण का खुलासा

फिलहाल युवक की मौत के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मजिस्ट्रेटी जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह सामने आएगी। मामले की जांच सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है।