० गले पर निशान मिलने से गहराया संदेह
फरीदाबाद। हरियाणा के फरीदाबाद स्थित ग्रीन फील्ड कॉलोनी में आठ माह की गर्भवती महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और हत्या करने का आरोप लगाया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने दहेज हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मृतका की पहचान 29 वर्षीय निर्माता कामत के रूप में हुई है। उनकी शादी नवंबर 2025 में ग्रीन फील्ड निवासी युवक से हुई थी। परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष लगातार दहेज की मांग को लेकर उन्हें मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करता था। कई बार दोनों परिवारों के बीच समझौते की कोशिश भी की गई, लेकिन स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ।
मृतका के भाई ने बताया कि बुधवार सुबह उन्हें चाचा का फोन आया, जिसमें बहन की मौत की सूचना दी गई। अस्पताल पहुंचने पर उन्होंने बहन को मृत अवस्था में देखा। उनका दावा है कि मृतका के गले पर रस्सी जैसे निशान थे, जिससे उन्हें हत्या की आशंका है।
पुलिस ने दहेज हत्या का मामला किया दर्ज
परिजनों ने आरोप लगाया है कि दहेज के लालच में उनकी बहन की हत्या की गई है। उन्होंने दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने परिजनों की शिकायत के आधार पर ससुराल पक्ष के खिलाफ दहेज हत्या सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


