सोनू वर्मा,नूंह। जिले के गांव मालब में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। महिला का शव फंदे से लटका मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए हत्या करने का आरोप लगाया है, जबकि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
मृतका के भाई ताहिर हुसैन निवासी बीवां ने बताया कि वर्ष 2023 में उसकी दो बहनों की शादी गांव मालब निवासी दो भाइयों के साथ मुस्लिम रीति-रिवाज से हुई थी। उनका आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग 10 लाख रुपये अतिरिक्त दहेज की मांग कर रहे थे और इसी को लेकर उनकी बहन शबनम को लगातार प्रताड़ित किया जाता था।
परिजनों का दावा है कि शबनम ने आत्महत्या नहीं की, बल्कि उसकी गला घोंटकर हत्या की गई है और मामले को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने बताया कि दहेज विवाद के चलते मृतका की छोटी बहन भी पिछले कई महीनों से अपने मायके में रह रही है।
बताया जा रहा है कि शबनम का करीब ढाई साल का एक बेटा भी है। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
सूचना मिलते ही थाना आकेड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सीएचसी नूंह भिजवा दिया। थाना प्रभारी बीरेन्द्र सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, मृतका के पिता हारुण ने पुलिस को शिकायत देकर ससुराल पक्ष की दो महिलाओं सहित छह लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

