बाबा लदाना में आयोजित किया गया किसान गोष्ठी का आयोजन, किसानों को दिया टिकाऊ कृषि का संदेश

कैथल, 30 सितंबर। फाउंडेशन फॉर डेवलपमेंट इनिशिएटिव (एफडीआई) द्वारा प्रोजेक्ट हरित धरा साफ वायु के तहत गांव बाबा लदाना में किसान गोष्ठी का आयोजन किया गया। इसमें उप निदेशक कृषि डॉ. रविंदर कुमार ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को पराली न जलाने, फसल अवशेषों के उचित प्रबंधन, पर्यावरण संरक्षण तथा टिकाऊ कृषि पद्धतियों के प्रति जागरूक करना रहा। प्रोजेक्ट के तहत कैथल जिले के 97 गांवों में फसल अवशेष प्रबंधन और पर्यावरण संरक्षण को लेकर जागरूकता गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।

उप निदेशक कृषि डॉ. रविंदर कुमार ने किसानों को धान की पराली के वैज्ञानिक प्रबंधन, फसल अवशेष प्रबंधन योजना के तहत उपलब्ध सब्सिडी, इन-सीटू एवं एक्स-सीटू प्रबंधन, धान की सीधी बिजाई तथा कृषि मशीनरी के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि किसान उपलब्ध सरकारी योजनाओं और कृषि मशीनरी का लाभ उठाकर फसल अवशेषों का उचित प्रबंधन करें तथा पराली जलाने से बचें।

कार्यक्रम में एफडीआई से साहिल शर्मा ने प्रोजेक्ट के उद्देश्यों और संस्था द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि संस्था द्वारा संचालित निःशुल्क पराली प्रशिक्षण केंद्रों के माध्यम से स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को पराली से उपयोगी उत्पाद तैयार करने का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

कृषि विज्ञान केंद्र से डॉ. अमित सोढ़ी ने किसानों से संवाद करते हुए फसल अवशेष प्रबंधन और पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डाला। गोष्ठी में 150 से अधिक किसानों ने भाग लिया। इस अवसर पर डॉ. जसबीर सिंह, कृषि विभाग से मंदीप, गांव के सरपंच गुरनाम सिंह तथा एफडीआई से दुर्गेश शर्मा सहित संस्था की टीम मौजूद रही। कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित किसानों ने फसल अवशेषों का उचित प्रबंधन करने और पराली न जलाने की शपथ ली।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m