उत्तराखंड में पिछले 24 घंटे के दौरान स्वाइन फ्लू के 58 नए मामले सामने आने के बाद कुल मरीजों की संख्या बढ़कर 271 हो गई है. इसके साथ ही प्रदेश में कोरोना संक्रमण के मामले भी बढ़कर 39 तक पहुंच गए हैं, जिससे स्वास्थ्य महकमे की चिंता बढ़ गई है.
देहरादून. उत्तराखंड में मौसमी बीमारियों के प्रकोप के बीच सीजनल इन्फ्लुएंजा का संक्रमण तेजी से पैर पसार रहा है. पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य में स्वाइन फ्लू के 58 नए मरीज दर्ज किए गए हैं, जिनमें से अकेले देहरादून में 38 और बाकी जिलों में 20 मामले सामने आए हैं. इसके साथ ही प्रदेश में स्वाइन फ्लू से संक्रमितों का कुल आंकड़ा 271 पहुंच गया है, जबकि कोरोना से पीड़ित मरीजों की संख्या भी बढ़कर 39 हो चुकी है.
बुजुर्ग और बच्चे सबसे ज्यादा प्रभावित स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के मुताबिक राज्य में अब तक स्वाइन फ्लू से पीड़ित 149 लोग स्वस्थ हो चुके हैं, 120 का इलाज जारी है और 2 मरीजों की मौत हो चुकी है. इस बीमारी की चपेट में सबसे अधिक बच्चे और बुजुर्ग आ रहे हैं. कुल 271 मामलों में 1 से 10 साल तक के 45 बच्चे और 61 से 90 वर्ष के 86 बुजुर्ग शामिल हैं. इसके अलावा महिलाओं के मुकाबले पुरुष मरीज अधिक पाए गए हैं, जिनमें 143 पुरुष और 128 महिलाएं शामिल हैं.

आयु वर्ग के अनुसार मरीजों की स्थिति
संक्रमितों में 11 से 20 वर्ष के 15, 21 से 30 वर्ष के 30, 31 से 40 वर्ष के 19, 41 से 50 वर्ष के 27 और 51 से 60 वर्ष के 49 मरीज हैं. इसके अलावा 61 से 70 साल के 50, 71 से 80 साल के 23 और 81 से 90 साल के 13 मरीजों में इसकी पुष्टि हुई है. बहराल सर्दी, जुकाम और बुखार के बढ़ते मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य महकमा संदिग्ध मरीजों की गहन जांच कर रहा है.

स्वास्थ्य विभाग ने जांच में तेजी लाई
अब तक जांच के लिए भेजे गए 521 सैंपलों में से 182 देहरादून और 89 अन्य जिलों में पॉजिटिव निकले हैं. इसी तरह कोरोना जांच के लिए लिए गए 303 सैंपलों में से 39 की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है, जिनमें देहरादून के 16 और अन्य जिलों के 23 मरीज हैं. दूसरी ओर, राज्य में डेंगू के 24,844 सैंपलों में से 129 की रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई है, जिनमें से 112 मरीज ठीक हो चुके हैं और 17 का उपचार अस्पतालों में चल रहा है.



