Technology Desk – भारतीय स्टार्टअप सिन्कसोल (SynqSol) ने देश में अपना नया AI-आधारित डिसीजन इंटेलिजेंस प्लेटफॉर्म लॉन्च कर दिया है। यह प्लेटफॉर्म यूजर के व्यवहार, सोचने के तरीके और दूसरों के साथ उसकी अनुकूलता (कम्पैटिबिलिटी) का विश्लेषण करके करियर, पढ़ाई, रिश्ते-नाते और जीवन से जुड़े बड़े फैसले लेने में मदद करने का दावा करता है। यह सिस्टम साइकोमेट्रिक असेसमेंट, मनोवैज्ञानिकों (Psychologists) की समीक्षा और एआई आधारित डेटा एनालिसिस के आधार पर सुझाव देता है। हालांकि, कंपनी ने स्पष्ट किया है कि यह मेडिकल या मानसिक स्वास्थ्य सलाह का विकल्प नहीं है।

एचओएस 1.0 तकनीक पर आधारित है यह प्लेटफॉर्म

कंपनी के अनुसार, यह प्लेटफॉर्म सिन्क ह्यूमन ऑपरेटिंग सिस्टम’ (HOS 1.0) पर काम करता है। इसमें यूजर को व्यवहार और मनोवैज्ञानिक ढांचे पर तैयार किए गए साइकोमेट्रिक असेसमेंट (प्रश्नों के उत्तर) पूरे करने होते हैं। इसके बाद सिस्टम यूजर के निर्णय लेने की आदत, तनाव, व्यवहार और दूसरों के साथ तालमेल से जुड़ी विस्तृत रिपोर्ट तैयार करता है। इन रिपोर्ट और सुझावों की समीक्षा पेशेवर साइकोलॉजिस्ट भी करते हैं, जिससे यूजर समय-समय पर अपने व्यवहार में आए बदलावों का भी आकलन कर सकता है।

छात्रों, कंपनियों और संस्थानों के लिए भी बेहद उपयोगी

यह स्मार्ट प्लेटफॉर्म केवल आम व्यक्तियों के लिए ही नहीं, बल्कि विश्वविद्यालयों, कंपनियों और अन्य संस्थानों के लिए भी तैयार किया गया है। इसका इस्तेमाल कंपनियों में भर्ती प्रक्रिया, कर्मचारियों की भागीदारी, लीडरशिप डेवलपमेंट, टीम प्लानिंग और छात्रों के तनाव का आकलन करने में किया जा सकता है। इसके अलावा इसमें दो लोगों या समूहों के बीच तालमेल रिपोर्ट, छात्र व कर्मचारी वेलबीइंग टूल, सेल्फ हेल्प सामग्री और ‘सिन्कसेशंस’ के जरिए काउंसलिंग सपोर्ट जैसी सुविधाएं भी दी गई हैं। कंपनी ने बताया कि इसके असेसमेंट भारत की सामाजिक और सांस्कृतिक परिस्थितियों को ध्यान में रखकर तैयार किए गए हैं।

मोबाइल ऐप पर उपलब्ध, स्टार्टअप इंडिया से मिली मान्यता

सिन्कसोल के संस्थापक वेंकट राव ने बताया कि आज के डिजिटल दौर में लोगों के पास जानकारी की कमी नहीं है, लेकिन फिर भी कई लोग निर्णय लेने में भ्रम और थकावट महसूस करते हैं। इस प्लेटफॉर्म का मुख्य उद्देश्य लोगों को बड़े फैसले लेने से पहले खुद को बेहतर तरीके से समझने में मदद करना है। सिन्कसोल ऐप फिलहाल गूगल प्ले स्टोर और एपल ऐप स्टोर पर उपलब्ध है। कंपनी आगे इसका वेब वर्जन भी लाने की तैयारी में है। साथ ही इसे ‘स्टार्टअप इंडिया’ कार्यक्रम के तहत DPIIT से मान्यता प्राप्त है।