Automobile Desk: भारतीय ऑटोमोबाइल बाजार में अपनी पकड़ और मजबूत करने के लिए टाटा मोटर्स ने अपनी लोकप्रिय SUV सिएरा का एक नया अवतार बाजार में उतारा है। कंपनी ने इसे ‘Tata Sierra Legend Series’ नाम से पेश किया है, जिसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 11.99 लाख रुपये तय की गई है। इस नई सीरीज को लाने का मुख्य मकसद ग्राहकों को उनके बजट और सहूलियत के हिसाब से बेहतर विकल्प देना है।

टाटा की यह नई लीजेंड सीरीज कुल पांच अलग-अलग वेरिएंट्स में उपलब्ध कराई गई है— Smart+ L, Pure L, Pure L(O), Pure+ L और Adventure+ L। कंपनी ने इन वेरिएंट्स को इस तरह डिजाइन किया है कि ग्राहक आसानी से समझ सकें कि उन्हें किस बजट में कौन-कौन से फीचर्स मिल रहे हैं। इसके साथ ही गाड़ियों को नया लुक देने के लिए मुन्नार मिस्ट, बंगाल रूज (टिंटेड), अंडमान एडवेंचर, प्रिस्टिन व्हाइट, प्योर ग्रे और कूर्ग क्लाउड्स जैसे शानदार कलर ऑप्शंस भी शामिल किए गए हैं।

अगर गाड़ी के इंटीरियर और फीचर्स की बात करें, तो इसके बेस मॉडल यानी Smart+ L से ही प्रीमियम अहसास कराने की कोशिश की गई है। शुरुआती वेरिएंट में ही आपको लेदरेट सीट्स, लेदरेट डोर ट्रिम्स, स्टीयरिंग-माउंटेड कंट्रोल्स, ऑटो-फोल्डिंग ORVMs और रूफ रेल्स जैसी सुविधाएं मिल जाती हैं। सुरक्षा के मामले में भी कंपनी ने कोई समझौता नहीं किया है; सभी वेरिएंट्स में 6 एयरबैग्स, चारों पहियों पर डिस्क ब्रेक, ESP और इलेक्ट्रॉनिक पार्किंग ब्रेक (ऑटो होल्ड के साथ) को स्टैंडर्ड रखा गया है।

जैसे-जैसे आप ऊपरी वेरिएंट्स की ओर बढ़ते हैं, फीचर्स और भी एडवांस्ड होते जाते हैं। ‘Pure L’ ट्रिम में 8-स्पीकर वाला ऑडियो सिस्टम, टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट, वायरलेस एंड्रॉइड ऑटो और एप्पल कारप्ले के साथ-साथ क्रूज कंट्रोल और ड्राइव मोड्स मिलते हैं। वहीं, ‘Pure+ L’ वेरिएंट उन लोगों के लिए बेहतरीन है जो ज्यादा आराम चाहते हैं, क्योंकि इसमें 6-वे पावर एडजस्टेबल ड्राइवर सीट, थाई-सपोर्ट एक्सटेंडर, ‘बॉस मोड’ और डुअल-जोन ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल जैसे लग्जरी फीचर्स दिए गए हैं।

इस सीरीज का सबसे टॉप वेरिएंट ‘Adventure+ L’ है, जो आधुनिक तकनीक और राइडिंग कम्फर्ट से पूरी तरह लैस है। इसमें 360-डिग्री HD सराउंड-व्यू कैमरा, 4Sight ब्लाइंड-स्पॉट मॉनिटरिंग, फ्रंट पार्किंग सेंसर और सुपरग्लाइड सस्पेंशन दिया गया है, जो उबड़-खाबड़ रास्तों पर भी बेहद स्मूथ राइड देता है। इसके अलावा इसमें अलग-अलग रास्तों (Normal, Wet, Rough) के लिए टेरेन मोड्स, वायरलेस चार्जिंग, मूड लाइटिंग और दो-स्टेज रियर रीक्लाइन सीट जैसे फीचर्स भी दिए गए हैं।

परफॉर्मेंस के मोर्चे पर कंपनी ने भरोसेमंद मैकेनिकल सेटअप को बरकरार रखा है। सिएरा लीजेंड सीरीज में पहले वाले ही तीन इंजन ऑप्शंस मिलते हैं— 1.5-लीटर रेवोट्रॉन पेट्रोल, 1.5-लीटर क्रायोजेट डीजल और 1.5-लीटर हाइपरियन TGDI पेट्रोल इंजन। वेरिएंट के आधार पर ग्राहकों को 6-स्पीड मैनुअल, 6-स्पीड ऑटोमैटिक और 7-स्पीड DCA गियरबॉक्स चुनने की आजादी मिलती है।