टाटा समूह की प्रमुख होल्डिंग कंपनी टाटा संस की एनुअल जनरल मीटिंग (AGM) मंगलवार को पर्याप्त कोरम नहीं होने के कारण स्थगित कर दी गई। बैठक दोपहर 2:30 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग और ऑडियो-विजुअल माध्यम से आयोजित होनी थी। हालांकि, जरूरी संख्या में सदस्यों की मौजूदगी नहीं होने से इसे आगे बढ़ाना पड़ा।
100 साल के इतिहास में पहली बार AGM स्थगित
टाटा संस के 100 साल से अधिक लंबे कॉर्पोरेट इतिहास में AGM का इस तरह स्थगित होना बेहद दुर्लभ घटनाक्रम माना जा रहा है। कंपनी ने अपने लंबे इतिहास में कॉर्पोरेट गवर्नेंस और नियमित सालाना बैठकों की परंपरा को कायम रखा है। ऐसे में मौजूदा घटनाक्रम को शेयरधारक अधिकारों और कंपनी प्रशासन के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
प्रतिनिधि की नियुक्ति बनी कोरम में बाधा
सूत्रों के मुताबिक, AGM के लिए जरूरी कोरम प्रभावित होने की मुख्य वजह सर रतन टाटा ट्रस्ट (SRTT) और सर दोराबजी टाटा ट्रस्ट की ओर से संयुक्त रूप से नामित किए जाने वाले प्रतिनिधि से जुड़ी नियामकीय अड़चन है।
महाराष्ट्र चैरिटी कमिश्नर के स्तर पर लागू नियामकीय प्रतिबंधों के चलते SRTT फिलहाल संयुक्त प्रतिनिधि नामित नहीं कर पा रहा है। टाटा संस के आर्टिकल्स ऑफ एसोसिएशन के अनुसार वैध कोरम के लिए कम से कम पांच सदस्यों की मौजूदगी आवश्यक है, जिसमें संबंधित संयुक्त नामित प्रतिनिधि भी शामिल है।
एन चंद्रशेखरन के इस्तीफे के बीच अहम घटनाक्रम
यह घटनाक्रम ऐसे समय हुआ है जब एन चंद्रशेखरन ने 12 अगस्त को टाटा संस के चेयरमैन पद से इस्तीफा दे दिया है। हालांकि, वह फरवरी 2027 तक पद पर बने रहेंगे। चंद्रशेखरन 2017 से टाटा संस के चेयरमैन हैं।
AGM रद्द नहीं, स्थगित हुई है
कंपनी कानून के तहत AGM आयोजित करना जरूरी है। विशेष परिस्थितियों में बैठक को स्थगित किया जा सकता है। इसलिए मौजूदा स्थिति में इसे रद्द करने के बजाय स्थगित किया गया है। टाटा संस के इतिहास में यह घटनाक्रम कंपनी के कॉर्पोरेट गवर्नेंस और बोर्ड संरचना को लेकर खासा महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


