जमशेदपुर। टाटा स्टील में हालिया संगठनात्मक बदलाव के बाद सस्टेनेबिलिटी से जुड़ी दो प्रमुख टीमों का पुनर्गठन किया गया है। कंपनी ने ग्रीन हाउस गैस (GHG) उत्सर्जन में कमी और उसके प्रभाव को कम करने तथा सस्टेनेबिलिटी गवर्नेंस से जुड़ी क्रॉस-फंक्शनल टीम में नई जिम्मेदारियां तय की हैं।

टाटा स्टील के सीईओ सह एमडी टीवी नरेंद्रन के हस्ताक्षर से इस संबंध में आधिकारिक सर्कुलर जारी किया गया है। नया आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।

GHG सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की कमान राजीव मंगल को

सेंटर ऑफ एक्सीलेंस फॉर GHG एमिशन रिडक्शन एंड मिटिगेशन के पुनर्गठन के तहत राजीव मंगल, वीपी-सेफ्टी, हेल्थ एंड सस्टेनेबिलिटी को चेयरपर्सन बनाया गया है।

वहीं प्रोबल घोष, वीपी-एसेट एंड एनर्जी मैनेजमेंट को अल्टरनेट चेयरपर्सन और सौरभ कुंडू, चीफ कॉर्पोरेट सस्टेनेबिलिटी को संयोजक की जिम्मेदारी दी गई है। विभिन्न विभागों के प्रमुखों को टीम में सदस्य के तौर पर शामिल किया गया है।

सस्टेनेबिलिटी गवर्नेंस टीम में भी बदलाव

गवर्नेंस ऑफ सस्टेनेबिलिटी कॉर्पस की क्रॉस-फंक्शनल टीम (CFT) का भी पुनर्गठन किया गया है। इसमें रवि कुमार, चीफ पावर सिस्टम्स एंड एनर्जी को चेयरपर्सन बनाया गया है।सौरभ कुंडू को अल्टरनेट चेयरपर्सन, जबकि आदित्य गांगुली, हेड-सस्टेनेबिलिटी स्ट्रैटेजी एंड GHG अकाउंट्स को संयोजक नियुक्त किया गया है।

टीम में अबानी भूषण प्रसाद, हेड-कैपिटल प्लानिंग और अनूप श्रीवास्तव, चीफ-एनवायरनमेंट मैनेजमेंट समेत कई अन्य अधिकारियों को सदस्य बनाया गया है।

अन्य अधिकारियों को भी मिली नई जिम्मेदारी

जारी सर्कुलर में कंपनी के अन्य पदों पर भी नई जिम्मेदारियां तय की गई हैं। विनीत कुमार शाह, चीफ मैन्युफैक्चरिंग-लॉन्ग प्रोडक्ट को अध्यक्ष बनाया गया है।

वहीं राजेश कुमार झा, हेड-HRM लीगल और वरुण बजाज, चीफ कॉर्पोरेट सर्विसेज, टाटा स्टील जमशेदपुर को उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है। विकास कुमार, चीफ ह्यूमन रिसोर्स ऑफिसर, JCAPCPL को मानद महासचिव बनाया गया है।

कंपनी के इस पुनर्गठन को सस्टेनेबिलिटी, GHG उत्सर्जन नियंत्रण और पर्यावरणीय लक्ष्यों से जुड़े कामकाज को और व्यवस्थित करने की दिशा में महत्वपूर्ण बदलाव माना जा रहा है।