मुकेश मेहता, बुधनी (सीहोर)। कहते हैं कि शिक्षक वह दीपक है जो खुद जलकर दूसरों के जीवन में ज्ञान का प्रकाश फैलाता है। मध्य प्रदेश के सीहोर जिले के प्राथमिक शिक्षक गोपाल दत्ता की कहानी इस कहावत को पूरी तरह चरितार्थ करती है। बीमारी के कारण आंखों की रोशनी खो देने और 12वीं के बाद पढ़ाई छूट जाने के बावजूद गोपाल दत्ता ने जिंदगी से हार नहीं मानी। आज वे अपनी मजबूत इच्छाशक्ति के बल पर सैकड़ों बच्चों के भविष्य को शिक्षा की रोशनी से रोशन कर रहे हैं।

मुश्किलों को बनाया अपनी ताकत

सीहोर निवासी 45 वर्षीय गोपाल दत्ता के जीवन में मोड़ तब आया जब एक गंभीर बीमारी के चलते उनकी आंखों की रोशनी हमेशा के लिए चली गई। पारिवारिक और शारीरिक परिस्थितियों के कारण 12वीं के बाद उनकी औपचारिक कॉलेज शिक्षा आगे नहीं बढ़ सकी। इसके बावजूद उन्होंने अपने सपनों को टूटने नहीं दिया और वर्ष 2014 में शिक्षक के रूप में अपने सफर का आगाज किया।

बसपा की पूर्व नपा अध्यक्ष की पोस्ट से बवाल: कुत्ते को श्रीकृष्ण के रूप में दर्शाने पर आक्रोश,

80 किलोमीटर का कठिन सफर और अटूट जुनून

गोपाल दत्ता की पहली पदस्थापना अशोकनगर जिले के मुंगावली में हुई थी। इसके बाद उनका स्थानांतरण बुधनी के भेरूंदा ब्लॉक स्थित लाचोर टप्पर सेटेलाइट स्कूल में हुआ। इस स्कूल तक पहुंचने के लिए उन्हें रोजाना करीब 80 किलोमीटर का सफर तय करना पड़ता था। बस से उतरने के बाद भी वे एक किलोमीटर पैदल चलकर स्कूल पहुंचते थे। आंखों में रोशनी न होने के बावजूद बच्चों को शिक्षित करने का उनका जुनून हर बाधा पर भारी पड़ा।

सीहोर के बढ़ियाखेड़ी स्कूल में दे रहे सेवाएं

वर्तमान में गोपाल दत्ता सीहोर के बढ़ियाखेड़ी माध्यमिक स्कूल में प्राथमिक शिक्षक के पद पर पदस्थ हैं। वे न केवल बच्चों को किताबी ज्ञान दे रहे हैं, बल्कि अपने जीवन के संघर्षों से यह सीख भी दे रहे हैं कि परिस्थितियां चाहे कितनी भी विपरीत हों, इंसान का हौसला उनसे बड़ा होना चाहिए। आंखों की रोशनी खोने के बाद भी उम्मीद की जो रोशनी उन्होंने अपने भीतर जलाए रखी, आज उसी से वे आने वाली पीढ़ी का मार्गदर्शन कर रहे हैं। शिक्षक दिवस के अवसर पर ऐसे समर्पित शिक्षक का जज्बा समाज के लिए एक मिसाल है।

मध्यप्रदेश

संकट मोचन धाम में फिर चोरी: पहले प्रणाम किया, फिर जेब में रखी लक्ष्मी-नारायण की मूर्ति, वारदात कैमरे में कैद

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m