Tej Pratap Yadav: लालू यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव ने अपनी कथित पत्नी अनुष्का यादव के भाई आकाश यादव द्वारा लगाए गए जान से मारने की धमकी देने के आरोपों पर चुप्पी तोड़ते हुए प्रतिक्रिया दी है। तेज प्रताप यादव ने सोशल मीडिया एक्स पर एक लंबा चौड़ा पोस्ट करते हुए लिखा कि, यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है कि जिस व्यक्ति को उसके अभद्र, अपमानजनक, धमकीपूर्ण एवं असामाजिक व्यवहार के संबंध में विधिवत कानूनी नोटिस भेजा गया, उसने अपनी गलती स्वीकार करने या खेद व्यक्त करने के बजाय प्रतिशोध की भावना से प्रेरित होकर मेरे विरुद्ध एक झूठी एवं मनगढ़ंत प्राथमिकी (FIR) दर्ज कराने का प्रयास किया है।

मेरी छवि और प्रतिष्ठा को धूमिल करने का प्रयास

तेज प्रताप यादव ने आगे लिखा कि, यह स्पष्ट रूप से मेरी सार्वजनिक छवि, सामाजिक प्रतिष्ठा और वर्षों से अर्जित जनविश्वास को धूमिल करने का एक सुनियोजित प्रयास प्रतीत होता है। उन्होंने कहा कि, मैं एक सार्वजनिक जीवन से जुड़ा व्यक्ति हूं और सदैव कानून, मर्यादा तथा लोकतांत्रिक मूल्यों का सम्मान करता आया हूं। किंतु मेरी जनसुलभता, विनम्रता और लोगों से जुड़े रहने की प्रवृत्ति को कोई मेरी कमजोरी समझने की भूल न करे। सार्वजनिक जीवन में होने का अर्थ यह नहीं कि मैं असभ्यता, झूठ, चरित्रहनन या कानून के दुरुपयोग को सहन करूंगा।

कठोर कार्रवाई करने की कही बात

तेज प्रताप यादव ने कहा कि, मैं इस प्रकार की दुर्भावनापूर्ण, भ्रामक और तथ्यहीन कार्रवाइयों की कड़े शब्दों में निंदा करता हूं। कानून का दुरुपयोग कर झूठी कहानियां गढ़ना न केवल न्याय व्यवस्था का अपमान है, बल्कि सत्य और नैतिकता पर भी सीधा प्रहार है।

उन्होंने कहा कि, मुझे न्यायपालिका, कानून और संवैधानिक संस्थाओं पर पूर्ण विश्वास है। सत्य तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर सामने आएगा तथा हर झूठ का पर्दाफाश होगा। साथ ही, मैं अपने सम्मान, प्रतिष्ठा और जनविश्वास को क्षति पहुंचाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के विरुद्ध उपलब्ध सभी कानूनी उपायों का उपयोग करते हुए कठोरतम कार्रवाई करूंगा।

न कभी झुका हूं, न झुकूंगा- तेज प्रताप यादव

तेज प्रताप यादव ने अंत में कहा कि, सत्य को किसी प्रमाण की आवश्यकता नहीं होती, परंतु झूठ को बार-बार सहारे ढूंढने पड़ते हैं। मैं स्पष्ट करना चाहता हूं कि न तो मैं किसी प्रकार के दबाव में आने वाला हूं, न ही झूठे आरोपों और दुष्प्रचार से विचलित होने वाला हूं। मेरी प्रतिबद्धता सत्य, न्याय और जनता के विश्वास के प्रति है, और उसकी रक्षा के लिए मैं हर वैधानिक कदम उठाऊंगा। झूठ, भय और साजिश के आगे न कभी झुका हूं, न झुकूंगा। सत्य की विजय निश्चित है।

कभी तेज प्रताप के करीबी थे आकाश यादव

आपको बता दें कि यह वही आकाश यादव हैं, जो कभी राजद छात्र के अध्यक्ष और तेज प्रताप यादव के काफी करीबी थे। बिहार में हुए विधानसभा चुनाव से लगभग 6 महीने पहले उनकी बहन अनुष्का यादव की तेज प्रताप के साथ काफी वीडियो और फोटो अचानक से सोशल मीडिया पर वायरल होने लगे, जिसे लेकर यह दावा किया गया कि अनुष्का और तेज प्रताप ने शादी कर ली है। शुरू में तो तेज प्रताप यादव ने इससे इंकार किया, लेकिन बाद में उन्होंने शादी और तस्वीरें पोस्ट करने की बात भी स्वीकार की और फिर इंकार किया।

अनुष्का ने दिया है बेटी को जन्म

इसे लेकर प्रदेश में खूब सियासत भी देखने को मिली। हंगामा मचने के बाद लालू यादव ने तेज प्रताप यादव को पार्टी और परिवार से 6 साल के लिए बाहर निकाल दिया। बाद में तेज प्रताप ने अपनी पार्टी जजद बनाई और चुनाव भी लड़ा। लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा। इस मामले में एक बार फिर उस समय नया मोड़ सामने आया, जब अनुष्का यादव ने एक बच्ची को जन्म दिया। साथ ही यह दावा किया गया कि अनुष्का ने जिस बच्ची को जन्म दिया है, उसके पिता तेज प्रताप ही हैं। हालांकि उन्होंने इससे इंकार किया है।

आकाश ने कोर्ट में दायर की है परिवाद

वहीं, अब आकाश यादव ने तेज प्रताप यादव पर अपने सहयोगी मोती लाल यादव के साथ पाटलिपुत्र स्थित उनके घर पर पहुंचकर उनके परिवार को धमकाने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि जिस समय (6 जून, 2026) यह घटना हुआ वो खाटूश्याम यात्रा पर गए हुए थे।

उन्होंने यह भी कहा कि, उन्हें फोन के माध्यम से भी जान से मारने की धमकी दी गई है। धमकी देने वाले ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई का आदमी बताया है। आकाश यादव ने यह भी आरोप लगाया कि जब उन्होंने पाटलिपुत्र थाने में तेज प्रताप यादव के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराने पहुंचे तो पुलिस ने उनकी एफआईआर नहीं दर्ज की, जिसके बाद उन्होंने 17 जून को कोर्ट में परिवाद दायर किया है।

ये भी पढ़ें- ‘पहले अपने गिरेबान में झांके कांग्रेस’, झारखंड राज्यसभा चुनाव में हार के बाद राजद का बड़ा हमला