Bihar News: बांकीपुर उपचुनाव के लिए जजद की उम्मीदवार वीणा मानवी को आज नामांकन के बाद पटना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। वीणा मानवी की गिरफ्तारी पर अब पार्टी प्रमुख तेज प्रताप यादव का बयान सामने आया है। पटना एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत के दौरान तेज प्रताप यादव ने कहा कि, हमारी उम्मीदवार वीणा मानवी जीतने वाली हैं। इसलिए हमारे खिलाफ षड्यंत्र रचा गया है, लेकिन उनको बेल मिल गई है। पूरी बिहार की जनता यह देख रही है।

गिरफ्तारी के कुछ देर बाद मिली जमानत

गौरतलब है कि आज सोमवार (13, जुलाई) को नामांकन के बाद गांधी मैदान थाना पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया था। पटना पुलिस ने साल 2009 में दर्ज एक कथित धोखाधड़ी (धारा 420 सहित अन्य धाराओं) से जुड़े मामले में न्यायालय से जारी वारंट लेकर पहुंची थी। जैसे ही वीणा मानवी नामांकन प्रक्रिया पूरी कर बाहर निकलीं, पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया। इस दौरान मौके पर करीब आधे घंटे तक हाई-वोल्टेज ड्रामा चलता रहा और समर्थकों की भारी भीड़ जुट गई। हालांकि गिरफ्तारी के कुछ देर बाद उन्हें जमानत मिल गई है। न्यायालय की ओर से वीणा मानवी को यह बड़ी राहत मिली है।

कानून और लॉ का हुआ उल्लंघन- वकील

वीणा मानवी के वकील ने कहा कि, वीणा मानवी के साथ अन्याय हुआ है। प्रशासन द्वारा केवल कानून और लॉ का दुरुपयोग हुआ है। वह निर्दोष थी और बेल पर इन्हें रिहा कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि, यह साल 2009 का एक बहुत पुराना मामला (403 और 418) है, जिसमें इन्हें कोई भी समन नहीं भेजा गया था।

वकील ने कहा कि, वीणा मानवी एक समाज सेविका हैं और वह अक्सर थानों में भी जाती रहती हैं। लेकिन कभी भी इस संबंध में उन्हें जानकारी नहीं दी गई। जब इन्होंने बांकीपुर उपचुनाव के लिए अपना नामांकन दाखिल किया तो, इन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। यह कानून और लॉ दोनों को उल्लंघन है।

बीजेपी पर लगाया आरोप

वीणा मानवी ने खुद पर लगे सभी आरोपों को खारिज करते हुए अपनी गिरफ्तार को एक साजिश बताया। उन्होंने कहा कि चुनाव में हार की आशंका को देखते हुए उनके खिलाफ यह कदम उठाया गया है। वीणा मानवी ने कहा कि, यह सब बीजेपी के इशारे पर हो रहा है। चुनाव में हार के डर से मुझे फंसाया जा रहा है। जनता सब देख रही है और इसका जवाब चुनाव में देगी।

15 उम्मीदवारों ने भरा है नामांकन

बता दें कि बांकीपुर उपचुनाव के लिए नामांकन का आज (13, जुलाई 2026) आखिरी दिन था। आज अंतिम दिन वीणा मानवी समेत कुल 4 प्रत्याशियों ने अपना नामांकन दाखिल किया, जिनमें जन सुराज के प्रत्याशी प्रशांत किशोर, बीजेपी से नीरज सिन्हा और एक किन्नर ने भी नामांकन भरा है। इससे पहले शनिवार तक राजद की रेखा गुप्ता समेत कुल 11 उम्मीदवारों ने अपना नामांकन भरा था। नामांकन भरने का समय अब समाप्त हो चुका है। ऐसे में बांकीपुर उपचुनाव के लिए मैदान में कुल 15 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनके बीच मुकाबला होना है।

ये भी पढ़ें- बिहार में एयर-हेली टूरिज्म सेवा की शुरुआत, पटना से मिनटों में होगा कैमूर पहाड़ी और डैम का दीदार