अविनाश श्रीवास्तव, रोहतास। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आज सोमवार (13, जुलाई) को मुख्यमंत्री सचिवालय स्थित ‘संवाद’ सभागार में मुख्यमंत्री बिहार हेली-टूरिज्म एवं एयर टूरिज्म सेवा योजना-2026 का शुभारंभ किया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि, बिहार अब केवल इतिहास और आस्था की भूमि नहीं, बल्कि आधुनिक पर्यटन का एक सशक्त केंद्र बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। बिहार को पर्यटन के विश्व मानचित्र पर स्थापित करना है।

सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि, यह योजना राज्य के पर्यटन क्षेत्र में नए युग की शुरुआत करेगी तथा आम नागरिकों को किफायती दरों पर हवाई पर्यटन की सुविधा उपलब्ध कराएगी। उन्होंने कहा कि बिहार भगवान बुद्ध, भगवान महावीर, विश्वविख्यात नालंदा विश्वविद्यालय और प्राचीन मगध साम्राज्य जैसी महान सभ्यता और संस्कृति का केंद्र रहा है। राज्य सरकार का उद्देश्य इन ऐतिहासिक, धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहरों को राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाना तथा अधिक से अधिक पर्यटकों को बिहार की ओर आकर्षित करना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री बिहार हेली-टूरिज्म एवं एयर टूरिज्म सेवा योजना-2026 के तहत पटना, राजगीर, वाल्मीकिनगर और कैमूर जैसे प्रमुख पर्यटन स्थलों के लिए हेलीकॉप्टर सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। सरकार द्वारा प्रति टिकट पर्याप्त अनुदान दिए जाने से यह सुविधा आम लोगों की पहुंच में होगी।

सीएम ने कहा कि, 13 जुलाई 2026 से बुकिंग प्रारंभ होगी तथा 18 जुलाई 2026 से प्रत्येक शनिवार एवं रविवार को नियमित हेलीकॉप्टर सेवाओं का संचालन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पर्यटन विभाग से आग्रह है कि वे एयर टूरिज्म का और विस्तार करें, इसके लिये निजी हितधारकों को भी इससे जोड़ें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यटन केवल भ्रमण का माध्यम नहीं, बल्कि रोजगार, निवेश और आर्थिक विकास का मजबूत आधार है। राज्य सरकार होम स्टे, स्थानीय हस्तशिल्प, लोक संस्कृति, स्थानीय व्यंजनों तथा ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा देकर गांव-गांव तक पर्यटन आधारित अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने का कार्य कर रही है, जिससे युवाओं और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार का प्रत्येक नागरिक राज्य का सबसे बड़ा ब्रांड एंबेसडर है। उन्होंने सभी लोगों से आग्रह किया कि वे अपने व्यवहार, आतिथ्य और बिहार की समृद्ध संस्कृति, विरासत एवं पर्यटन स्थलों का सकारात्मक प्रचार-प्रसार करें। जब बिहार का हर नागरिक पर्यटन का दूत बनेगा, तब राज्य की पहचान देश और दुनिया में और अधिक मजबूत होगी तथा पर्यटन क्षेत्र नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा।

सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत’ के संकल्प और पूर्व मुख्यमंत्री आदरणीय श्री नीतीश कुमार जी के ‘समृद्ध बिहार’ बनाने के सपने को साकार करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री बिहार हेली-टूरिज्म एवं एयर टूरिज्म सेवा योजना-2026 राज्य के पर्यटन क्षेत्र में एक मील का पत्थर साबित होगी तथा बिहार को देश के अग्रणी पर्यटन राज्यों की श्रेणी में स्थापित करने के साथ-साथ रोजगार, निवेश और समग्र आर्थिक विकास को नई गति प्रदान करेगी।

किफायती किराया और बुकिंग

राज्य सरकार ने इसे आम पर्यटकों के लिए सुलभ बनाने हेतु रियायती किराया रखा है:

  • ​पटना-वाल्मीकिनगर: 5,000 रुपये।
  • ​पटना-कैमूर: 6,000 रुपये।
  • ​पटना-राजगीर: 4,000 रुपये।
  • ​पटना जॉय राइड: 2,100 रुपये।
  • सभी टिकटों की बुकिंग बिहार पर्यटन के आधिकारिक पोर्टल से की जा सकेगी।

रोहतास और कैमूर के पर्यटन विकास को मिलेगा बल

हेली-टूरिज्म एवं एयर टूरिज्म सेवा योजना शुरू होने से रोहतास तथा कैमूर जिला के पर्यटन के विकास को इससे बल मिलेगा। पटना से रोहतास कैमूर की सीमा पर स्थित दुर्गावती करमचट डैम तक हेली टूरिज्म के तहत हेलीकॉप्टर से टूरिस्ट को लाया जाएगा। तत्काल इसका किराया 6 हजार रुपया रखा गया है। हेली टूरिज्म एंड एयर टूरिज्म को बढ़ावा देने से स्थानीय लोगों में काफी खुशी है।

सीएम के द्वारा पटना से इसकी शुभारंभ के लिए उद्घाटन के बाद आज से बुकिंग भी शुरू को हो गई है। ऐसे में अब पटना से कुछ मिनट में पर्यटक रोहतास कैमूर के इलाके में स्थित कैमूर पहाड़ी के सुंदर नजर का आनंद ले सकेंगे। साथ ही सरकार इस पर भारी सब्सिडी भी दे रही है। बता दें कि रोहतास जिला तथा कैमूर जिला पर्यटकों के लिए हमेशा से आकर्षण का केंद्र रहा है। बिहार में पहली बार हेली टूरिज्म शुरू होने से पर्यटकों की संख्या में वृद्धि होगी।

ये भी पढ़ें- बांकीपुर उपचुनाव: वीणा मानवी को कोर्ट से बड़ी राहत, गिरफ्तारी के कुछ देर बाद मिली जमानत