Supaul Kidnapping Case: बिहार के सुपौल में कल सोमवार 28 सितंबर को दिनदहाड़े फायरिंग और अपहरण की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। पूरी घटना भीमपुर थाना क्षेत्र के बेलागंज में कार सवार बदमाशों ने जीशान खान नाम के एक युवक को जबरन काम में बैठाकर फरार हो गए। कथित अपहरण के दौरान फायरिंग की भी बात सामने आई है। घटना को लेकर लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने बिहार में तुरंत राष्ट्रपति शासन लगाने की मांग की है।
लोग डर के साये में जीने को मजबूर- रोहिणी आचार्य
रोहिणी आचार्य ने सोशल मीडिया पर घटना से जुड़ा वीडियो शेयर करते हुए लिखा, बिहार में तुरंत राष्ट्रपति शासन लगाकर कानून-व्यवस्था बहाल करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि, बिहार में अराजकता का माहौल है। दिनदहाड़े गोलीबारी, हत्या, लूटपाट और हथियार के बल पर सरेआम अपहरण जैसी वारदातें आम हो चुकी हैं। बहन-बेटियों की सुरक्षा रोज खतरे में है और लोग डर के साये में जीने को मजबूर हैं।
रोहिणी ने कहा कि, क्राईम से ‘जीरो टॉलरेंस’ का दावा पूरी तरह से विफल साबित हुआ है और पुलिस-प्रशासन का मनोबल पूरी तरह से टूट चुका है। राजधानी पटना समेत पूरे प्रदेश में कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त है। ऐसे में बिहार में तुरंत राष्ट्रपति शासन लगाकर कानून-व्यवस्था बहाल करने की जरूरत है।
तेजस्वी ने सीएम सम्राट पर कसा तंज
घटना को लेकर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की भी प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, सम्राट चौधरी स्टाइल में दिनदहाड़े युवक का ‘अपहरण’! बदमाशों ने पहले बाइक में टक्कर मारी फिर फायरिंग करते हुए युवक को कार में डाल अपहरण कर लिया। 7 हत्याओं के आरोपी के मुख्यमंत्री बनने के बाद से अपराधियों के हौसले बुलंद है। क्योंकि अपराधी भी जानते हैं, CM हमारे ही “लीग” का है। सरकार के मंत्री अब इसमें 2005 से पूर्व का सूरज-चांद और जाति ढूंढेंगे।
पुलिस ने जीशान को सकुशल बरामद किया
अपहरण से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही पुलिस तुरंत हरकत में आई और जीशान को देर शाम सकुशल बरामद कर लिया। वहीं, पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को हिरासत में भी लिया है। साथ ही अपहरण में इस्तेमाल कार को भी पुलिस ने जब्त किया है।
अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में पकड़े गए आरोपी ने बताया कि जीशान और आरोपियों के बीच कथित अवैध कारोबार के पैसों के लेन-देन को लेकर पहले से विवाद चल रहा था। इसी विवाद को लेकर इस वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस ने अन्य आरोपियों की भी पहचान कर ली है और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। साथ ही पकड़े गए आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाला जा रहा है। इस मामले में भीमपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
ये भी पढ़ें- समस्तीपुर में 4 साल की बच्ची से दुष्कर्म का आरोप, 15 वर्षीय चाचा हिरासत में


