कुंदन कुमार, पटना। बीपीएससी द्वारा TRE-4 का विज्ञापन जारी करने के बावजूद छात्र बीते 18 अगस्त से अनिश्चितकालीन धरना पर बैठे हुए हैं। इस बीच नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव छात्रों के समर्थन में आज शुक्रवार (21, अगस्त) को गर्दनीबाग धरना स्थल पर पहुंचे और कहा कि छात्रों की मांग जायज है। हम इनके साथ हैं। सरकार में बैठे लोग मनमानी कर रहे हैं।
‘RSS-BJP ने शिक्षा व्यवस्था चौपट कर दिया’
तेजस्वी यादव ने कहा कि, शिक्षा मंत्री छात्रों की बात को नहीं सुन रहे हैं। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को इससे कोई मतलब नहीं है। उन्होंने कहा कि, आरएसएस और भाजपा के लोग बिहार के शिक्षा व्यवस्था को चौपट करने के लगे हैं। लगातार यहां परीक्षाओं में पेपर लीक हो रहा है। सरकार आंख मूंद कर बैठी हुई है। सरकार को इनकी मांगों को मानना होगा।
पप्पू यादव ने की राज्यपाल से मुलाकात
बता दें कि छात्रों के मुद्दे को लेकर पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने आज बिहार के राज्यपाल सैयद अता हसनैन से मुलाकात की और 13 सूत्री मांगों को लेकर उन्हें ज्ञापन सौंपा। इस दौरान उनके साथ आंदोलन में शामिल कुछ छात्र भी थे, जो विभिन्न मांगों को लेकर गर्दनीबाग धरना स्थल पर प्रदर्शन कर रहे हैं।
राज्यपाल से मुलाकात के बाद बाहर निकलते हुए पप्पू यादव ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि, राज्यपाल से हमारी मुलाकात हुई है। हमारे साथ पीएचडी होल्डर दो छात्र भी में मौजूद थे। छात्र नेता दिलीप कुमार के भी प्रतिनिधि ने हमारे साथ राज्यपाल से मुलाकात की है। हमने उन्हें सभी मामलों का अवगत कराया है। उन्होंने हमारी सभी समस्याओं को गंभीरता से सुना औऱ मुख्यमंत्री से इस बारे में बात करने की बात कही है।
एकल परीक्षा और माइनस मार्किंग हटाने की मांग
प्रदर्शन कर रहे छात्र TRE 4 में एकल परीक्षा और माइनस मार्किंग हटाने की मांग पर अड़े हुए है। प्रदर्शनकारी छात्रों का कहना है कि जब तक उनकी मांग पूरी नहीं होती, तब तक उनका यह विरोध प्रदर्शन शांतिपूर्ण तरीके से लगातार जारी रहेगा। छात्रों के आंदोलन पर शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा कि, सभी छात्र बिहार के भविष्य हैं। जो छात्र हैं, अभ्यर्थी हैं, वो बिहार के भविष्य हैं और उनके भविष्य के प्रति सरकार पूरी तरह संवेदनशील है। सरकार लगातार उनके लिए विभिन्न पदों पर वैकेंसी निकाल रही है। TRE-4 भी उसी में से एक है। उन्हें सरकार के हर निर्णय का इंतजार करना चाहिए और सरकार पर भरोसा करना चाहिए।
ये भी पढ़ें- थाने के बाहर धरने पर बैठे राहुल गांधी पर सियासत तेज, गिरिराज सिंह बोले- कांग्रेस का मतलब…

