Tejashwi Yadav: नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने आज रविवार की सुबह-सुबह एनडीए सरकार पर बड़ा हमला बोला है। तेजस्वी ने बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी को लेकर केंद्र की मोदी सरकार पर निशाना साधा है। नेता प्रतिपक्ष ने सोशल मीडिया एक्स पर एक लंबा-चौड़ा पोस्ट साझा करते हुए लिखा कि, डबल इंजन सरकार की गलत नीतियों से देश में महंगाई एक भीषण समस्या बन चुकी है। पीएम मोदी की अगुवाई में डबल इंजन सरकार ने प्रण लिया है कि खाद्य पदार्थों, पेट्रोल-डीजल, खाद-बीज, बिजली और गैस सिलेंडर की क़ीमतें बढ़ाकर किसानों और आम लोगों को भूखा मार देंगे।

‘महंगाई को महारानी समझ बैठा एनडीए’

तेजस्वी यादव ने तंज कसते हुए कहा कि, महंगाई को डायन बताने वाले आज महंगाई को महारानी समझ उससे चिपकर बैठे है। उन्होंने कहा कि, सरकार में बैठे लोग महंगाई रूपी प्रियतमा को दूर कर ही नहीं पा रहे है। डबल इंजन सरकार की पूंजीपरस्त नीतियों ने गरीब व मध्यम वर्ग की कमर तोड़ दी है। खाद्य पदार्थों, खाद्य तेल के दाम तो आसमान छू ही रहे थे, खाना खरीदने के साथ साथ अब खाना पकाना भी महंगा हो गया है।

मुहं चिढ़ा रहा खाली सिलेंडर- तेजस्वी

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि, केंद्र सरकार ने उज्ज्वला योजना के खूब कसीदे पढ़े, खूब महिमामंडन किया। क्या आज इस सरकार में हिम्मत है कि गांव-गांव जाकर उज्ज्वला योजना की समीक्षा करें और देश को इसकी वास्तविकता बताएं। आज गरीबों के घर में खाली पड़े सिलेंडर मुंह चिढ़ा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि, 2014 में ₹384 प्रति रसोई गैस के सिलिंडर कंधे पर ढो-ढोकर प्रदर्शन करने वाले भाजपाई लोग आज प्रति सिलेंडर की क़ीमत ₹1100 करने के बाद भी सत्ता में बैठ गूंगे-अंधे और बहरे ही नहीं बल्कि बेशर्म भी बन चुके है। चौतरफा महंगाई से गरीबों और मध्यम वर्ग की जेबों पर डाका पड़ ही रहा था, तेल दाल चीनी आलू प्याज टमाटर और रसोई गैस की बढ़ती कीमतों ने आम आदमी के पेट पर अब लात मार दी है।

बोले- सड़क से सदन तक जारी रहेगा संघर्ष

तेजस्वी ने कहा कि, अब ऐसा प्रतीत होता है कि पीएम मोदी और उनकी भाजपाई कंपनी ने कमर कस ली है। गरीबों को लूटकर अमीरों को मालामाल कर आम आदमी का जीना मुहाल कर के दम लेंगे। उन्होंने अंत में हुंकार भरते हुए कहा कि, महंगाई, बेरोजगारी, गरीबी और भुखमरी के खात्मे को लेकर सड़क से लेकर सदन तक हमारा संघर्ष जारी रहेगा।

ये भी पढ़ें- जस्टिस वी. कामेश्वर राव होंगे पटना हाईकोर्ट के नए चीफ जस्टिस, केंद्र ने जारी की अधिसूचना