कुंदन कुमार, पटना। बिहार की कानून व्यवस्था को लेकर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सम्राट सरकार पर बड़ा हमला बोला है। तेजस्वी यादव ने कहा कि, बिहार की कानून व्यवस्था बदहाल है। NCRB के आंकड़ों के अनुसार बिहार अपराध में शीर्ष पर है। उन्होंने कहा कि, विगत एक महीने में बलात्कार, हत्या, लूट और चोरी की घटनाओं में रिकॉर्डतोड़ वृद्धि हुई है, लेकिन सरकार अपना जुर्म कबूल करने को तैयार ही नहीं है।
लोगों में दहशत का माहौल- तेजस्वी
तेजस्वी यादव ने कहा कि, बिहार में सरेराह सरेआम सत्ता संरक्षित अपराधियों द्वारा व्यवसायियों, छात्रों, शिक्षकों, आम नागरिकों और महिलाओं को कहीं भी, कभी भी गोली मारी जा रही है। सत्ता संरक्षण में अपराधी बेखौफ घूम रहे है। फायरिंग, छिनतई, बैंक लूट और राहगीरों से लूटपाट जैसी वारदातों से आमजन में दहशत का माहौल है।
उन्होंने कहा कि, पुलिस शराब की तस्करी में व्यस्त और मस्त है। चरमराई हुई कानून व्यवस्था की किसी को परवाह नहीं, मुख्यमंत्री केवल हेडलाइन मैनेजमेंट को लेकर गंभीर है, विधि व्यवस्था को लेकर नहीं।
विशेष जाति के लोगों का एनकाउंटर कराने का आरोप
गौरतलब है कि बीते कुछ दिनों में अपराधियों ने दिनदहाड़े कई बड़ी लूट और हत्याओं की घटना को अंजाम दिया है। बदले में पुलिस ने भी कड़ा एक्शन लेते हुए कई अपराधियों का एनकाउंटर किया। वहीं, कई आरोपियों को गिरप्तार कर जेल के पीछे पहुंचाया। राजद ने हाल में हुए कई एनकाउंटर को लेकर भी सम्राट सरकार पर एक जाति विशेष (यादव) के लोगों को टारगेट कर एनकाउंटर कराने का गंभीर आरोप लगाया। कल एक कार्यक्रम के दौरान मोतिहारी में भी तेजस्वी ने सम्राट सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि, जानबूझकर एक समाज के एक जाति के लोगों को टारगेट करके सरकार उनका एनकाउंटर करवा रही है।
पुलिस को खुली छूट- सीएम सम्राट चौधरी
वहीं, आज पटना में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम सम्राट चौधरी ने राज्य की कानून व्यवस्था पर बात करते हुए कहा कि, बिहार में सुशासन कायम है और पुलिस को पूरी स्वतंत्रता दी गई है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि, राज्य में कोई भी व्यक्ति कानून को हाथ में नहीं ले सकता और पुलिस लगातार अपराधियों को जवाब दे रही है।
ये भी पढ़ें- बिहार में हाईटेक फायर सिस्टम की शुरुआत, CM सम्राट ने 80 आधुनिक अग्निशमन वाहनों को दिखाई हरी झंडी

