Bihar News: सीएम सम्राट चौधरी ने आज सोमवार (18 मई) को पटना के गांधी मैदान में 80 अत्याधुनिक अग्निशमन वाहनों और एआई आधारित आधुनिक अग्निशमन नियंत्रण कक्ष का लोकार्पण किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार अब सड़क, बिजली और मूलभूत सुविधाओं से आगे बढ़कर औद्योगिक विकास की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
बिहार से बाहर गए उद्यमियों से की अपील
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बिहार से बाहर उद्योग स्थापित कर चुके उद्यमियों से अपील करते हुए कहा कि वे अपनी जन्मभूमि बिहार लौटें और यहां निवेश कर राज्य को समृद्ध बनाने में योगदान दें। सीएम ने कहा कि राज्य में बड़े-बड़े उद्योगपति आगे आ रहे हैं। उनकी सरकार को अभी एक महीना और तीन दिन हुए हैं, लेकिन इस दौरान बिहार से बाहर गए कई उद्यमियों ने वापस लौटकर निवेश करने की इच्छा जताई है। उन्होंने कहा कि 20 नवंबर 2026 को एनडीए सरकार के एक वर्ष पूरा होने तक बिहार में पांच लाख करोड़ रुपये के निवेश पर काम शुरू कराने का लक्ष्य है।
पुलिस को मिली है पूरी स्वतंत्रता
सीएम सम्राट चौधरी ने राज्य की कानून व्यवस्था पर बात करते हुए कहा कि, बिहार में सुशासन कायम है और पुलिस को पूरी स्वतंत्रता दी गई है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि, राज्य में कोई भी व्यक्ति कानून को हाथ में नहीं ले सकता और पुलिस लगातार अपराधियों को जवाब दे रही है। इस दौरान उन्होंने देश के गृहमंत्री अमित शाह का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि, बिहार को 1000 जवानों वाला सीआईएसएफ ट्रेनिंग सेंटर मिला है। उन्होंने यह भी कहा कि गया में विकसित हो रहे इंडस्ट्रियल कॉरिडोर में भी सीआईएसएफ का एक और ट्रेनिंग सेंटर स्थापित करने का अनुरोध किया जाएगा।
अग्निशमन कर्मियों को किया संबोधित
कार्यक्रम में अग्निशमन कर्मियों को संबोधित करते हुए सीएम सम्राट ने कहा कि आपदा को विपदा बनने से रोकना सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि अग्निशमन सेवा की क्षमता अब बढ़कर 8000 कर्मियों तक पहुंच गई है, जो बिहार को सुरक्षित रखने में अहम भूमिका निभाएंगे।
ये भी पढ़ें- बिहार में नोट डबल करने वाले हाई-प्रोफाइल रैकेट का भंडाफोड़, 8 गिरफ्तार, राजद और जदयू के नेता भी शामिल

