कुंदन कुमार, पटना। बिहार में बाढ़ का संकट लगातार गहराता जा रहा है। राज्य के 13 जिले इस समय बाढ़ की चपेट में हैं। राजधानी पटना में गंगा और पुनपुन नदी के बढ़ते जलस्तर ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। गांधी घाट पर गंगा ने 10 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया है, जबकि पुनपुन खतरे के निशान से करीब 2.75 मीटर ऊपर बह रही है। दूसरी ओर, हाजीपुर में गंडक के दबाव में बीती रात 25 फीट ऊंचा रिंग बांध टूटने से करीब 500 घरों में पानी घुस गया है।
लगातार बिगड़ते हालात के बीच कई इलाकों में लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं और प्रशासन के सामने बाढ़ से निपटने की बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है। इस बीच नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने बाढ़ की स्थिति को लेकर बड़ा बयान दिया है।
केंद्र से टीम भेजने और राहत सामाग्री बांटने की मांग
पटना में मीडिया से बातचीत के दौरान तेजस्वी यादव ने कहा कि, काफी इलाकों में जहां-जहां जलस्तर बढ़ा है, दियारा इलाका पूरी तरह से डूब गया है। राहत सामग्री पहुंचाने की जरूरत है, शिविर की जरूरत है। उनके जान माल की सुरक्षा सरकार की जिम्मेदारी है। बाढ़ के कारण पीने के पानी की भी समस्या होती है। सरकार को विशेष तौर पर ध्यान देना चाहिए। मैं राज्य सरकार और केंद्र से चाहता हूं कि केंद्र की एक टीम भेजी जाए। बिहार सरकार से भी आग्रह है कि केवल अपने घूमने के लिए हेलीकॉप्टर नहीं बल्कि एयर फोर्स की मदद से राहत सामग्री वितरित कराई जाए।
तो अब तक बिहार घूम गए होते मोदी- तेजस्वी
तेजस्वी यादव ने यह भी कहा कि बिहार में इतनी खराब हालत है, लेकिन मोदी जी चुप है। क्योंकि मोदी जी महंगाई पर भी कुछ नहीं बोलते हैं। वे चुपचाप क्यों हैं? अगर चुनाव रहता तो अभी तक बिहार आकर घूम लिए रहते। उन्होंने सम्राट सरकार पर गंभीर आरोप लगाया और कहा है कि सम्राट सरकार पूरी तरह बाढ़ के मैनेजमेंट में फेल हो चुकी है। कहीं कोई इंतजाम नहीं है। लोगों को खाना नहीं मिला है और लोगों को कहीं से राहत नहीं मिल पा रही है।
मोदी जी को अब महारानी लग रही महंगाई- तेजस्वी
तेजस्वी यादव ने बढ़ती मंहगाई को लेकर भी बीजेपी सरकार पर तंज कसा और कहा कि, महंगाई को डायन बताने वाले आज महंगाई को महारानी समझ उससे चिपकर बैठे है। उन्होंने कहा कि, सरकार में बैठे लोग महंगाई रूपी प्रियतमा को दूर कर ही नहीं पा रहे है। डबल इंजन सरकार की पूंजीपरस्त नीतियों ने गरीब व मध्यम वर्ग की कमर तोड़ दी है। खाद्य पदार्थों, खाद्य तेल के दाम तो आसमान छू ही रहे थे, खाना खरीदने के साथ साथ अब खाना पकाना भी महंगा हो गया है। उन्होंने कहा कि, गरीब मर रहे हैं। लोग मर रहे हैं, लेकिन महंगाई अब मोदी जी को महारानी लगेगी ही।
चिराग को सीएम बनाने की मांग पर कही ये बात
चिराग पासवान के पार्टी के द्वारा यह घोषणा किए जाने पर की 2030 में चिराग पासवान मुख्यमंत्री बनेंगे। इसपर तेजस्वी यादव ने कहा कि, वहां तो हर कोई मुख्यमंत्री बनना चाहता है। चिराग पासवान बनना चाहते हैं। जीतन राम मांझी बनना चाहते हैं। भाजपा में चार-पांच आदमी है। वह बनना चाहता है। जदयू के कोई लोग बनना चाहता है। वही लोग जाने।
ये भी पढ़ें- ‘8-10 रुपये का सामान 109 में खरीदा’, सुधाकर सिंह ने भ्रष्टाचार के मुद्दे पर सरकार को घेरा



